कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने किया विधानसभा बमोरी के मतदान केंद्रों का निरीक्षण

Apr 20, 2024 - 20:40
Apr 20, 2024 - 20:41
 0  1.9k
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने किया विधानसभा बमोरी के मतदान केंद्रों का निरीक्षण

गुना (आरएनआई) लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतेन्द्र सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रथम कौशिक  द्वारा आज संसदीय क्षेत्र 04-गुना की विधानसभा 28-बमोरी के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही उन्‍होंने ग्राम पंचायत भवनों, एसएस्टी नाका हमीरपुर का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. सिंह द्वारा बमोरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों जिसमें हमीरपुर, सिमरोद सहित अन्य मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया गया एवं निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र पर रैंप, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, मतदाता विश्राम कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा एवं आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही विधानसभा के दूरस्‍थ राजस्‍थान सीमा से लगे हुए एसएसटी चैक पोस्‍ट हमीरपुर का भी निरीक्षण कर निर्देश दिये।

कलेक्टर डॉ. सिंह एवं सीईओ जिप श्री कौशिक द्वारा प्रत्येक भ्रमण के दौरान मतदान केंद्रों पर मतदान दलों एवं मतदाताओं की सुविधा के लिए व्यवथाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। निर्देशों के परिपालन में बमोरी विधानसभा के ग्राम सिमरोद, हमीरपुर आदि के मतदान केन्‍द्रों में रंगरोगन, विद्युत व्यवस्था, पंखे, मतदाता विश्राम कक्ष, रैंप, शौचालय आदि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया है। कलेक्टर ने उक्त मतदान केंद्रों पर किए गए कार्यों की सराहना की एवं जिले के सभी मतदान केन्‍द्रों में व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए, साथ ही मतदाताओं से आगामी लोकसभा निर्वाचन में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की है।

जनपद पंचायत बमोरी के विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्टर डॉ. सिंह एवं जिपं सीईओ श्री कौशिक की उपस्थिति में आज जनपद पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए सभी पंचायतें पेयजल प्रबंधन एवं आपूर्ति पर विशेष ध्‍यान दें। सहारिया जनजाति का ई-केवाईसी कार्य 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। पीएम जनमन एवं आदि आदर्श ग्राम योजना के प्रगतिरत शत-प्रतिशत कार्यों में गति लाएं एवं समय सीमा में कार्य पूर्ण करें।

बैठक के दौरान उन्‍होंने निर्देशित किया कि ग्रामों में ग्राम पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, स्कूल, पीएचसी, सीएचसी, गौशाला, शांति धाम की व्यवस्थाएं बेहतर बनाएं। पुराने मरम्मत योग्य भवनों को सामुदायिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। प्रगतिरत गौ-शालाओं का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करें। ग्राम पंचायत भवनों को सर्व-सुविधायुक्त कर तैयार करें। जपं सीईओ पुष्पेंद्र व्यास द्वारा प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट एवं उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिपं सीईओ श्री कौशिक ने मतदान केन्‍द्रों पर आवश्‍यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने एवं प्रगतिरत कार्यो को समय-सीमा में पूर्णं करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्‍होंने ग्राम पंचायत भवन हमीरपुर एवं नवीन निर्माणाधीन ग्रापं भवन कोहन का निरीक्षण कर व्‍यवस्‍थाएं बेहतर करने के निर्देश दिये।  

भ्रमण के दौरान कलेक्‍टर डॉ. सिंह ने शा.प्रा.वि. नेगमा विकास खण्‍ड गुना का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक शिक्षक श्रीमति सोनिका जैन एवं सहायक शिक्षक महेश वर्मा अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाये गये, जिनके विरूद्ध कलेक्‍टर के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा तत्‍काल कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये गये। साथ ही उक्‍त दोनों शिक्षकों द्वारा कोई भी स्‍वीकृत आवेदन पत्र नहीं पाये जाने, शिक्षकों के उपस्थिति पंजी के कॉलम में किसी भी प्रकार का अवकाश/ अनुपस्थित नही दर्शाने तथा शाला परिसर में साफ-सफाई नही पाये जाने के चलते प्रधानाध्‍यापक, शा.प्रा.वि. नेगमा विकास खण्‍ड गुना  रविशंकर ठाकुर को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।

भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी गुना रवि मालवीय, जिला शिक्षा अधिकारी सी.एस.सिसोदिया, जिला परियोजना समन्‍वयक जिला शिक्षा केन्‍द्र  ऋषि शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास आर.बी. गोयल, सहायक संचालक जनसंपर्क सुश्री सोनिया परिहार, तहसीलदार बमोरी गजेन्‍द्र सिंह लोधी, विभागीय अधिकारी/कर्मचारी, ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी उपस्थित रहे।

Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0