कर्नाटक में सीएम पद पर सियासत फिर गर्म, सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने खरगे से की मुलाकात

Nov 25, 2025 - 15:26
 0  81
कर्नाटक में सीएम पद पर सियासत फिर गर्म, सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने खरगे से की मुलाकात

बेंगलुरू (आरएनआई)। कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर राजनीतिक हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और मंगलवार को उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से बेंगलुरू में मुलाकात कर सियासी अटकलों को और हवा दे दी। दोनों की मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब कांग्रेस सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल का आधा समय पूरा कर लिया है और पावर शेयरिंग फार्मूले की चर्चाएं फिर तेजी से उभर रही हैं।

सूत्रों के अनुसार, डीके शिवकुमार ने खरगे से उस समय भेंट की जब वे दिल्ली रवाना होने की तैयारी में थे। मुलाकात के बाद दोनों नेता एक ही कार से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, जिससे यह संकेत और मजबूत हो गया कि पार्टी के भीतर महत्वपूर्ण राजनीतिक मंथन जारी है।

अटकलें इस बात को लेकर तेज हो गई हैं कि क्या अब समझौते के तहत ढाई साल बाद डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री की कमान सौंपी जा सकती है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कैबिनेट फेरबदल के पक्ष में हैं, जबकि शिवकुमार चाहते हैं कि हाई कमान पहले मुख्यमंत्री पद पर फैसला करे। यदि हाई कमान कैबिनेट बदलाव को मंजूरी देती है, तो इसका संकेत यही माना जाएगा कि सिद्धारमैया पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे, जिससे शिवकुमार की दावेदारी कमजोर पड़ सकती है।

इस बीच, शिवकुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर उनके समर्थक विधायक दिल्ली पहुंच चुके हैं और कुछ और विधायकों के भी जल्द जाने की संभावना है। ये विधायक हाई कमान के सामने नेतृत्व परिवर्तन की मांग रखने वाले हैं।

दूसरी ओर, सिद्धारमैया ने खरगे से मुलाकात के बाद कहा कि वे हाई कमान के फैसले पर चलेंगे और जो निर्णय पार्टी लेगी, वे उसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि शिवकुमार को भी पार्टी लाइन पर चलना चाहिए। अब हाई कमान के अगले कदम पर पूरे कर्नाटक की नजर टिकी है, क्योंकि यही तय करेगा कि राज्य की गाड़ी कौन संभालेगा—सिद्धारमैया या डीके शिवकुमार।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.