अमेरिका की नई रणनीतिक पहल ‘पैक्स सिलिका’ में भारत शामिल नहीं, कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली (आरएनआई) अमेरिका के नेतृत्व में शुरू की गई नई रणनीतिक पहल ‘पैक्स सिलिका’ में भारत को शामिल न किए जाने को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस का कहना है कि भारत का इस पहल से बाहर रहना चौंकाने वाला नहीं है, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंधों में हाल के समय में तेज गिरावट आई है।
अमेरिका की अगुवाई में शुरू की गई ‘पैक्स सिलिका’ पहल का उद्देश्य एक सुरक्षित, भरोसेमंद और नवाचार आधारित सिलिकॉन आपूर्ति श्रृंखला तैयार करना है, ताकि चीन की हाई-टेक आपूर्ति श्रृंखलाओं पर निर्भरता कम की जा सके। इस पहल में अमेरिका के साथ जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, नीदरलैंड, ब्रिटेन, इस्राइल, संयुक्त अरब अमीरात और ऑस्ट्रेलिया को शामिल किया गया है, लेकिन भारत को इसमें जगह नहीं मिली है।
कांग्रेस ने कहा कि अगर भारत इस समूह का हिस्सा होता तो देश को तकनीक, आपूर्ति श्रृंखला और रणनीतिक दृष्टि से बड़ा लाभ मिल सकता था। पार्टी महासचिव (संचार प्रभार) जयराम रमेश ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि भारत के बाहर रहने की यह खबर ऐसे समय आई है, जब प्रधानमंत्री सोशल मीडिया पर अपने “अच्छे मित्र” के साथ टेलीफोन वार्ता की जानकारी साझा कर रहे हैं।
जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा कि अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पैक्स सिलिका पहल चीन पर निर्भरता घटाने और उन्नत तकनीकों की सुरक्षा के लिए बनाई गई है। उन्होंने कहा कि 10 मई 2025 के बाद ट्रंप और मोदी के संबंधों में आई गिरावट को देखते हुए भारत का इस समूह से बाहर रहना हैरान करने वाला नहीं है, लेकिन यह निश्चित रूप से देश के लिए एक खोया हुआ अवसर है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, पैक्स सिलिका पहल का उद्देश्य आपूर्ति श्रृंखला में निर्भरता कम करना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों के लिए आवश्यक सामग्रियों और क्षमताओं की सुरक्षा करना और सदस्य देशों को बड़े पैमाने पर परिवर्तनकारी तकनीकों के विकास और उपयोग में सक्षम बनाना है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



