77 घंटे की दहशत का अंत: मासूम को शिकार बनाने वाला तेंदुआ पिंजरे में कैद, गांव में लौटी राहत
निघासन (आरएनआई)। इलाके में तीन दिनों से दहशत का कारण बना खूंखार तेंदुआ आखिरकार 77 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। सात वर्षीय मासूम सिमरन को अपना शिकार बनाने वाले इस तेंदुए के पकड़े जाने के बाद फुटहा फार्म समेत आसपास के गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है।
घटना बुधवार शाम की है, जब फुटहा फार्म निवासी जोगा सिंह की बेटी सिमरन अपने घर में खेल रही थी। तभी अचानक तेंदुआ घर में घुस आया और बच्ची को उठाकर खेतों की ओर भाग गया। परिजन और ग्रामीण कुछ समझ पाते, उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो चुका था। बाद में खेत में बच्ची का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
घटना के बाद बेलरायां वन रेंज के अधिकारियों ने तुरंत व्यापक अभियान शुरू किया। फुटहा फार्म, सिंधौना, रमुआपुर और दलराजपुर गांवों में पांच पिंजरे लगाए गए, जिनमें बकरियों को चारे के रूप में बांधा गया। साथ ही ट्रैप कैमरे और ड्रोन की मदद से 24 घंटे निगरानी की गई। वन विभाग की टीम लगातार इलाके में डटी रही और हर गतिविधि पर नजर रखी गई।
ग्रामीणों के भारी आक्रोश और विरोध के बीच वन विभाग ने कार्रवाई तेज की। डीएफओ कीर्ति चौधरी के निर्देश पर एसडीओ मनोज तिवारी के नेतृत्व में रेंजर भूपेंद्र सिंह और मोबीन आरिफ सहित विशेष टीम ने लगातार अभियान चलाया। अंततः शनिवार रात करीब 11 बजे तेंदुआ पिंजरे में फंस गया, जिससे पूरे इलाके में राहत की लहर दौड़ गई।
तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग की टीम का आभार जताया। अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को वन रेंज कार्यालय लाया जा रहा है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। साथ ही क्षेत्र में सतर्कता बरकरार रखी जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



