234 स्मार्टफोन्स, 46 लाख का पार्सल... कुरनूल बस हादसे की चौंकाने वाली वजह आई सामने
हैदराबाद (आरएनआई): आंध्र प्रदेश के कुरनूल में शुक्रवार को हुई भीषण बस दुर्घटना में आग लगने की असली वजह अब सामने आ गई है। फोरेंसिक जांच में खुलासा हुआ है कि बस में रखे गए 234 स्मार्टफोन्स के पार्सल ने आग को और ज्यादा भड़काने में अहम भूमिका निभाई। इन सभी स्मार्टफोन्स की बैटरियां फटने लगीं, जिससे आग और विकराल हो गई।
जानकारी के अनुसार, हैदराबाद के एक व्यापारी ने करीब 46 लाख रुपये के इन स्मार्टफोन्स का पार्सल बंगलूरू स्थित एक ई-कॉमर्स कंपनी के पास भेजा था। हादसे के समय यह पार्सल बस के लगेज सेक्शन में रखा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने से पहले जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह धमाका मोबाइल बैटरियों और बस के एयर कंडीशनर की लिथियम-आयन बैटरी के फटने से हुआ। इससे आग ने तेजी से पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और यात्रियों को बचने का मौका नहीं मिला।
आंध्र प्रदेश अग्नि सेवा विभाग के महानिदेशक पी. वेंकटरमन ने बताया, “बस में रखे स्मार्टफोन्स की बैटरियों और एसी की बैटरी दोनों में धमाका हुआ। आग इतनी तेज थी कि बस के फर्श पर लगी एल्युमीनियम शीट भी पिघल गई।” उन्होंने बताया कि हादसा उस वक्त हुआ जब बस ने एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक से पेट्रोल फैल गया और चिंगारी लगते ही आग भड़क उठी।
वेंकटरमन ने बस की डिज़ाइन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बस को हल्का बनाने के लिए फर्श में एल्युमीनियम शीट लगाई गई थी, जबकि सुरक्षा मानकों के तहत यह लोहे की होनी चाहिए थी। इस वजह से आग तेजी से फैली और रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतें आईं।
कुरनूल के इस बस अग्निकांड में 20 लोगों की दर्दनाक मौत हुई, जबकि कई यात्री झुलस गए। घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



