मथुरा में जमीन विवाद बना नरसंहार का कारण: पेट्रोल डालकर झोपड़ी में लगाई आग, वृद्ध और बहू गंभीर रूप से झुलसे; दो अफसर निलंबित
मथुरा (आरएनआई) मथुरा जनपद के जैत क्षेत्र स्थित खुशीपुरा गांव में बुधवार को जमीन विवाद के चलते भयावह घटना सामने आई, जिसने पूरे प्रशासन को हिला कर रख दिया। ग्राम समाज और निजी भूमि के दावे को लेकर उत्पन्न विवाद में कथित रूप से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चेतन मलिक और उनके भाई की मौजूदगी में एक झोपड़ी में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। इस भीषण घटना में झोपड़ी में रहने वाले वृद्ध सत्यवान (65) गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि उन्हें बचाने पहुंची उनकी पुत्रवधू ललितेश (26) भी आग की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के वक्त मौके पर राजस्व विभाग और पुलिस टीम भी मौजूद थी, जिससे मामले की संवेदनशीलता और भी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की मौजूदगी में गरीब परिवार को उजाड़ने और आगजनी की इस घटना ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है।
पिछले 30 वर्षों से जमीन पर था कब्जा
घायल सत्यवान के पुत्र पुष्पराज सिंह ने बताया कि उनका परिवार वर्ष 1995 से इस भूमि पर रह रहा है। वहां तीन झोपड़ियों के साथ एक कच्चा और एक टीनशेड मकान भी बनाया गया था। पुष्पराज के अनुसार, वे मूल रूप से मेरठ के निवासी हैं और आरोपी चेतन मलिक भी मेरठ से ही हैं। चेतन मलिक इस जमीन पर अपना दावा जताते रहे हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
घटना के समय अधिकारी मौके पर मौजूद
बताया गया कि बुधवार दोपहर राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसमें तत्कालीन लेखपाल, राजस्व निरीक्षक के साथ ही पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चेतन मलिक और उनके भाई राजकुमार भी थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसी दौरान तीनों झोपड़ियों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
जब सत्यवान आग बुझाने दौड़े, तो वह भी उसकी चपेट में आ गए। पीछे से आई बहू ललितेश भी उन्हें बचाते हुए बुरी तरह झुलस गईं। घटना होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व राजस्व कर्मी मौके से हट गए।
प्रशासन की बड़ी लापरवाही, दो अधिकारी निलंबित
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। साथ ही नायब तहसीलदार के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की गई है।
जिला अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात
झुलसे वृद्ध और उनकी बहू को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, घटना के विरोध में ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



