भागलपुर में दर्दनाक हादसा: छठ घाट तैयार करते समय गंगा में डूबे चार मासूम, गांव में पसरा मातम

Oct 27, 2025 - 15:17
 0  81
भागलपुर में दर्दनाक हादसा: छठ घाट तैयार करते समय गंगा में डूबे चार मासूम, गांव में पसरा मातम

भागलपुर (आरएनआई): लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच भागलपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नवगछिया अनुमंडल के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव में सोमवार को छठ घाट बनाने के दौरान गंगा नदी में चार मासूम बच्चे डूब गए। सभी की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में मातम छा गया है।

जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ बच्चे दोपहर में गंगा किनारे छठ घाट की सफाई और सजावट का काम कर रहे थे। काम पूरा होने के बाद चारों बच्चे स्नान करने नदी में उतर गए। इसी दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीन बच्चे भी नदी की तेज धारा में बह गए और देखते ही देखते चारों गंगा में समा गए।

स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर गोताखोरों की मदद से सभी को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और आनन-फानन में इस्माइलपुर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान नवटोलिया गांव निवासी मिथिलेश कुमार के पुत्र प्रिंस कुमार (11) और किशोरी मंडल के पुत्र नंदन कुमार (10) के रूप में हुई है। अन्य दो बच्चे पास के छठठु टोला के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना पर इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। वहीं, गोपालपुर के निर्दलीय प्रत्याशी गोपाल मंडल भी अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।

गांव में कोहराम मचा हुआ है — माताएं अपने बच्चों के शवों से लिपटकर रोती-बिलखती रहीं। छठ की रौनक मातम में बदल गई और पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए और इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.