हादसे के बाद पार्टी करने वाले चार अधिकारी बर्खास्त, ICAO विशेषज्ञ करेंगे जांच
अहमदाबाद में हुई घातक एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच में संयुक्त राष्ट्र की संस्था अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) के विशेषज्ञ को पर्यवेक्षक का दर्जा देगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आईसीएओ ने जांच में अपने विशेषज्ञ को पर्यवेक्षक के रूप में शामिल करने का अनुरोध किया था। यह एक असामान्य कदम है।
नई दिल्ली (आरएनआई) लंदन जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान 12 जून को अहमदाबाद से टेकऑफ के तुरंत बाद एक मेडिकल हॉस्टल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में 270 लोगों की मौत हो गई, जिनमें विमान में सवार 241 लोग शामिल थे। मामले की जांच अभी जारी है।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय अधिकारी इस जांच को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में और जानकारी नहीं दी गई है। विमान दुर्घटना की जांच शिकागो संधि के अनुच्छेद 13 के अनुसार की जा रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान के ब्लैक बॉक्स से डाटा निकाला जा रहा है। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर और फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर का विश्लेषण जारी है। यह कदम जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रदान कर सकता है।
वहीं दूसरी ओर अहमदाबाद में हुई घातक एअर इंडिया विमान दुर्घटना के बाद अपने कार्यालय में पार्टी आयोजित करने के लिए एअर इंडिया सैट्स सर्विसेज (एआईएसएटीएस) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया। टाटा समूह की एअर इंडिया और सिंगापुर की एसएटीएस लिमिटेड का संयुक्त उद्यम एआईएसएटीएस हवाई अड्डा सेवा प्रबंधन कंपनी है। हाल ही में एआईएसएटीएस कर्मचारियों के कार्यालय में नाचते हुए वीडियो क्लिप वायरल हुआ। इसकी सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से आलोचना हुई थी। कंपनी ने पार्टी की तारीख का उल्लेख नहीं किया।
कंपनी की ओर से शुक्रवार को जारी एक बयान में एआईएसएटीएस ने कहा कि उसने पार्टी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की है, हालांकि विशिष्ट विवरण साझा नहीं किए गए। एक सूत्र ने बताया कि कंपनी ने चार वरिष्ठ अधिकारियों की सेवाएं समाप्त कर दीं, जो इस आयोजन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल थे। कंपनी ने कहा, हम एआई 171 की दुखद दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के साथ एकजुटता में खड़े हैं और हाल के आंतरिक वीडियो में दिखी चूक पर गहरा खेद व्यक्त करते हैं। यह व्यवहार हमारे मूल्यों के अनुरूप नहीं है, और हम करुणा, व्यावसायिकता और जवाबदेही के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



