हरदोई के लायंस पब्लिक स्कूल में गैस रिसाव, 25 से अधिक बच्चे अस्पताल में भर्ती — DM व SP ने मौके पर जाकर लिया जायज़ा
हरदोई (आरएनआई) मंगलवार सुबह थाना संडीला क्षेत्र के लायंस पब्लिक स्कूल में अचानक गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया। तेज़ गैस की गंध फैलते ही बच्चे घबराकर अपनी कक्षाओं से बाहर निकलने लगे। इस दौरान 25 से अधिक छात्र-छात्राएं गैस की चपेट में आ गए। कई बच्चे बेहोश होकर गिर पड़े, जबकि अन्य को तेज खांसी, उल्टी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
स्थिति गम्भीर होती देख स्कूल के शिक्षक तुरंत सक्रिय हो गए। कई बच्चों को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद स्कूल बसों और अन्य वाहनों से सभी प्रभावित बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) संडीला भेजा गया। अचानक बड़ी संख्या में बच्चों के पहुंचने से अस्पताल में भी अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी हुई है। कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू की। जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक आशोक कुमार मीणा ने भी स्कूल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल जाकर बच्चों का हालचाल लिया और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
डीएम ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि गैस रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है और स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



