कन्नौज में मेहंदी घाट पुल पर बड़ा हादसा, रेलिंग तोड़कर 40 फीट नीचे गंगा में गिरा ट्रक; क्लीनर लापता

Jul 12, 2026 - 17:23
 0  486
कन्नौज में मेहंदी घाट पुल पर बड़ा हादसा, रेलिंग तोड़कर 40 फीट नीचे गंगा में गिरा ट्रक; क्लीनर लापता

कन्नौज में रविवार तड़के हरदोई से औरैया जा रहा मैदा लदा ट्रक मेहंदी घाट पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे गंगा नदी में जा गिरा। हादसे में चालक और मैदा व्यापारी को स्थानीय नाविकों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि क्लीनर तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश में एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम लगातार अभियान चला रही है।

पुलिस के अनुसार, औरैया के बेला थाना क्षेत्र के सहार निवासी संगीत उर्फ संजीव कुमार 22 टन मैदा लेकर हरदोई से औरैया जा रहे थे। ट्रक हरदोई के बिलग्राम थाना क्षेत्र के गुरौली गांव निवासी चालक श्रवण कुमार चला रहे थे और उनके साथ 26 वर्षीय क्लीनर विनीत कुमार द्विवेदी भी मौजूद था।

रविवार सुबह करीब चार बजे हरदोई-कन्नौज मार्ग पर स्थित मेहंदी घाट पुल पर पहुंचते ही चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई। इससे अनियंत्रित ट्रक पहले फुटपाथ और फिर पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ लगभग 40 फीट नीचे गंगा नदी में जा गिरा।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर घाट पर मौजूद नाविक तुरंत नाव लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक श्रवण कुमार और व्यापारी संगीत को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन क्लीनर विनीत कुमार नदी की तेज धारा में बह गया। उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।

हादसे के बाद पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग की जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पुल पर वाहनों की आवाजाही 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक सीमित कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.