स्वस्थ नारी सशक्त परिवार एवं समाज की नींव हैः-रजनी तिवारी
हरदोई (आरएनआई) आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद व टोडरपुर में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान में गरिमामयी उपस्थिति के साथ अभियान की सफलता में अपनी सहभागिता प्रदान की मंत्री ने विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों तथा स्वास्थ्य सेवाओं के स्टालों का निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए लगन से काम करने को कहा। मंत्री जी ने कहा कि स्वस्थ नारी सशक्त परिवार एवं समाज की नींव है। इसी उद्देश्य से 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक वृहद स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में सभी के लिए स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, पोषण परामर्श, टीकाकरण सेवाएँ निःशुल्क है। पूरा अभियान महिलाओं के लिए विशेष रूप से केन्द्रित है। अभियान में गर्भवती की प्रसवपूर्व जांचों सहित कैंसर, टी०बी०, मधुमेह, एवं उच्च रक्तचाप जैसी घातक बीमारियों के परामर्श के साथ ही महिलाओं के व्यक्तिगत स्वच्छता एवं पोषण के लिए विशेष रूप से परामर्श दिया जा रहा है। राज्य मंत्री ने कहा कि मातृ स्वास्थ्य को लेकर कई योजनायें चल रही हैं। जैसे ही उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान और सन्दर्भन के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, मातृ पोषण के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई), संस्थागत प्रसव के लिए जननी सुरक्षा योजन चलायी जा रही हैं। सभी गर्भवती को इन योजनाओं से जोड़ना सुनिश्चित करें जिससे कि वह इनका समय से लाभ ले पायें। इसके साथ ही उन्होने कहा कि गर्भवतियों में एनीमिया या खून की कमी देखने को मिलती है इसलिए आशा दीदी आयरन फोलिक एसिड को जो गोलियां देती हैं उनका सेवन अवश्य करें। जिससे बच्चा स्वस्थ हो और प्रसव में किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० भवनाथ पाण्डेय ने कहा कि यह अभियान जनपद में 430 स्वास्थ्य इकाइयों पर चलेगा। इस अभियान के दौरान जहाँ स्वास्थ्य जाँच और सेवायें मुहैया करायी जा रही है वहीं रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 22 सितम्बर को सी०एच०सी० बिलग्राम, 23 सितम्बर को सवायजपुर, 26 सितम्बर को सी०एच०सी० सांडी, 28 सितम्बर को सी०एच०सी० कोथावां, 30 सितम्बर को सी०एच०सी० पिहानी, 01 अक्टूबर को सी०एच०सी० संडीला, 02 अक्टूबर को स्वशासी मेडिकल कालेज में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी आम जनमानस से अनुरोध किया कि स्वास्थ्य केन्द्रों पर चल रहे चिकित्सा शिविरों में जांच व परामर्श की निःशुल्क सुविधा का लाभ उठायें, इसके साथ ही स्वैक्षिक रक्तदान कार्यक्रम में सहयोग भी करें। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रत्येक लाभार्थी अपने साथ आधार कार्ड, आभा आई०डी० एवं आयुष्मान कार्ड में से कोई एक पहचान पत्र अवश्य लायें। इसी क्रम में सीएचसी कोथावां में विधायक रामपाल वर्मा द्वारा स्वास्थ्य शिविर का शुभारम्भ किया गया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

