स्कूल के पास फैक्टरी की चहारदीवारी पर बैठा दिखा तेंदुआ, छात्रों और शिक्षकों में फैली दहशत
बरेली के हाफिजगंज क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बरकरार है। यह तेंदुआ कई दिनों से बंद खेतान फैक्टरी परिसर में जमा हुआ है। शुक्रवार को पहले चहारदीवारी पर बैठा देखा गया फिर फैक्टरी परिसर में चहलकदमी करते दिखा। इससे इलाके में दहशत है।
बरेली (आरएनआई) बरेली के हाफिजगंज क्षेत्र में खेतान फैक्टरी परिसर में डेरा जमाए बैठा तेंदुआ शुक्रवार को फिर चहारदीवारी पर बैठा दिखा। फैक्टरी से सटे स्कूल में प्रार्थना कर रहे बच्चों की नजर जब तेंदुए पर गई तो वह दहशत में आ गए। शिक्षकों के शोर-शराबा करने पर तेंदुआ फैक्टरी परिसर में ही कूद गया। अब तक तेंदुआ नहीं पकड़े जाने को लेकर लोगों में गुस्सा है।
हाफिजगंज क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी कई दिनों से बनी हुई है। फैक्टरी के चौकीदार की ओर से शिकायत भी की गई मगर, वन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बीते दिनों परिसर में घूमते तेंदुए का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने इसकी मौजूदगी की बात स्वीकार की। पकड़ने के लिए एक पिंजरा भी लगाया। तेंदुआ पकड़ में न आने पर बृहस्पतिवार को दूसरा पिंजरा लगाने के साथ ही यहां एक मेमना भी बांधा गया। इसके बाद भी तेंदुआ पिंजरे की ओर नहीं गया।
शुक्रवार को बाबा वधावा इंटरमीडिएट स्कूल की ओर तेंदुआ दिखने के बाद शिक्षकों ने फिर वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने सभी से सतर्क रहने के लिए कहा। इस दौरान शिक्षकों के साथ ही आस-पास के लोगों ने भी यहां कैमरे लगवाने के साथ ही स्कूल की ओर दो कर्मचारियों को तैनात करने के लिए कहा।
मुख्यमंत्री से की गई शिकायत
दहशत का पर्याय बने तेंदुए को पकड़ने के लिए एडवोकेट यूनिस अल्वी ने मुख्यमंत्री व डीएफओ से शिकायत की है। वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता भुजेंद्र गंगवार ने वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार से तेंदुए को जल्दी पकड़वाने की मांग की है।
वन क्षेत्राधिकारी केके मिश्रा ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पिंजरे को अलग-अलग स्थानों पर लगाया जा रहा है। परिसर में किसी को जाने की अनुमति नहीं है। स्कूल के अध्यापकों को भी चौकन्ना रहने के लिए कहा है। शिक्षकों ने गार्ड की मांग की है। इसके लिए डीएफओ को पत्र भेजा गया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



