कानपुर में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो, तीन की मौत, 9 घायल
उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर रूमा स्थित न्यू जेके ढाबा के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही स्कॉर्पियो में 12 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक ने किसी अज्ञात वाहन को बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में एक 45 वर्षीय पुरुष, 13 वर्षीय किशोरी और करीब 9 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
घटना में घायल नौ लोगों को एंबुलेंस से कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में दो महिलाएं, चार पुरुष और तीन बच्चियां शामिल हैं। इनमें हिमांशु, नील यादव, केशव भारती, अनिशा, स्नेहा और एक सात वर्षीय बच्ची का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दो महिलाओं और एक पुरुष की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



