सीट आवंटन विवाद पर जम्मू में उबाल, तवी किनारे प्रदर्शन से घंटों बाधित रहा ट्रैफिक

Dec 6, 2025 - 12:16
 0  270
सीट आवंटन विवाद पर जम्मू में उबाल, तवी किनारे प्रदर्शन से घंटों बाधित रहा ट्रैफिक

जम्मू (आरएनआई)। श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस में सीट आवंटन को लेकर उठा विवाद शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा। विभिन्न हिंदू संगठनों ने तवी नदी किनारे जोरदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का संचालन तत्काल बंद करने और विशेष प्रावधान अधिनियम लागू करने तक सभी सीटें हिंदू छात्रों को आवंटित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के चलते कई घंटों तक शहर में जाम की स्थिति बनी रही और पुलिस को हालात संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।

हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि श्राइन बोर्ड के अधीन संचालित मेडिकल कॉलेज में सीटों का आवंटन हिंदू छात्रों के साथ अन्यायपूर्ण ढंग से किया गया है, जबकि यहां होने वाले खर्च का बड़ा हिस्सा माता वैष्णो देवी मंदिर में चढ़ावे से पूरा होता है। इसी मुद्दे को लेकर संघर्ष समिति और कई सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

संघर्ष समिति कोर कमेटी के सदस्य और श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम दधीचि ने चेतावनी दी कि सरकार आस्था से जुड़े मामलों में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश न करे। उन्होंने कहा कि श्राइन बोर्ड का विकास जनता की भावनाओं और सहयोग से हुआ है, न कि किसी शासन की मेहरबानी से। राष्ट्रीय बजरंग दल, एबीवीपी, श्री सनातन धर्म सभा सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने आंदोलन में भाग लिया। मौके पर युवा राजपूत सभा, बार एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट यूनियन, विश्व हिंदू परिषद सहित कई संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय परशुराम परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता जीवानंद शर्मा ने कहा कि यह आंदोलन हिंदुत्व की अस्मिता की रक्षा के लिए है। उन्होंने मांग की कि जब तक विशेष प्रावधान अधिनियम पारित न हो, मेडिकल कॉलेज का संचालन बंद रखा जाए और सीटों का आवंटन 100 प्रतिशत हिंदू छात्रों को ही किया जाए।

राष्ट्रीय बजरंगदल के प्रदेश अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने सीट आवंटन सूची को तत्काल रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि जब कॉलेज मंदिर के चढ़ावे से चल रहा है, तो हिंदू समाज के छात्रों को प्राथमिकता मिलना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हिंदू समुदाय के साथ भेदभाव कर रही है, जिसे समाज किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगा।

इधर, शिवसेना (यूबीटी) प्रदेश इकाई प्रमुख मनीश साहनी ने विवाद का जल्द समाधान निकालने की वकालत की। उन्होंने कहा कि लगातार विरोध और राजनीतिक उथल-पुथल से छात्रों के भविष्य पर अनिश्चितता छा गई है, और उनके मन में भय और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार और उपराज्यपाल से तत्काल हस्तक्षेप कर शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की।

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने कहा कि कटड़ा स्थित मेडिकल कॉलेज में सभी सीटें हिंदू छात्रों को दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम प्रेम और एकता को लेकर मुख्यमंत्री के बयान तथ्यों से परे हैं और समाज को बांटने का प्रयास हैं।

वहीं युवा राजपूत सभा के अध्यक्ष संदीप सिंह चिब ने आरोप लगाया कि श्राइन बोर्ड ने सीट आवंटन में अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि डोगरा शासकों की विरासत और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नजरअंदाज कर फैसले नहीं लिए जा सकते।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.