लद्दाख में दर्दनाक हादसा: द्रास नदी में गिरी कार, तीन लोगों की मौत; एक की तलाश जारी

Thursday, June 25, 2026 - 15:02
0
लद्दाख में दर्दनाक हादसा: द्रास नदी में गिरी कार, तीन लोगों की मौत; एक की तलाश जारी

लेह। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। यह दुर्घटना द्रास जिले के मारपूचू क्षेत्र में उस समय हुई जब एक निजी वाहन अनियंत्रित होकर द्रास नदी में जा गिरा।

जानकारी के अनुसार, हादसा 23 और 24 जून की दरमियानी रात हुआ। वाहन के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और अन्य बचाव एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंच गईं। नदी के तेज बहाव और अंधेरे के बावजूद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

कई घंटों की खोजबीन के बाद बुधवार सुबह नदी से तीन लोगों के शव बरामद किए गए। वहीं, वाहन में सवार चौथे व्यक्ति की तलाश अभी भी जारी है। बचाव दल गोताखोरों और विशेष उपकरणों की मदद से नदी के गहरे हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, द्रास नदी का तेज बहाव और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बने हुए हैं। इसके बावजूद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवक मिलकर अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन को बुधवार को भी जारी रखा गया।

पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि लापता व्यक्ति का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और खोज अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक उसका पता नहीं चल जाता।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User