सिंधिया की सिंघवासा को ₹52 करोड़ की सौगात: दो ROB, पहला नगर वन और दर्जनों विकास योजनाओं का लोकार्पण

Nov 27, 2025 - 19:03
Nov 27, 2025 - 19:16
 0  81
सिंधिया की सिंघवासा को ₹52 करोड़ की सौगात: दो ROB, पहला नगर वन और दर्जनों विकास योजनाओं का लोकार्पण

गुना (आरएनआई) केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने संसदीय क्षेत्र के सिंघवासा में आज बृहस्पतिवार को लगभग ₹52 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने इसे गुना के लिए क्षेत्र की आकांक्षाओं को नई उर्जा और व्यापक दिशा प्रदान करने वाला क्षण करार दिया। इन योजनाओं में पंचमुखी हनुमान मंदिर ROB और मावन ROB मुख्य योजनाएँ हैं जिनसे श्रद्धालुओं के साथ साथ आम जनमानस को भी बड़ा लाभ मिलेगा। सिंधिया ने इस सौगात के लिए केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का भी आभार व्यक्त किया।

दो ROB से सिंघवासा के यातायात को मिलने जा रही है आधुनिक और निर्बाध दिशा
आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ, उनमें सर्वाधिक महत्वपूर्ण हैं पंचमुखी हनुमान मंदिर ROB (₹20.64 करोड़) और मावन ROB (₹30.42 करोड़)। सिंधिया ने कहा कि वर्षों से क्षेत्रवासियों को जलभराव, अंडरपास की अव्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही में अड़चनों का सामना करना पड़ता था। इन ROBs के निर्माण से न केवल इन समस्याओं का स्थायी समाधान होगा, बल्कि यह मार्ग उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाली आर्थिक धारा को सुगम बनाएगा। दोनों ROB को सिंधिया ने “सिंघवासा की प्रगति को दिशा देने वाले भविष्य के द्वार” बताया। ये पुल न केवल व्यापार और उद्योग की गति को बढ़ाएंगे, बल्कि कृषि और स्थानीय उत्पादों के परिवहन को भी तीव्रता प्रदान करेंगे। छात्रों, व्यापारियों, किसानों और दैनिक यात्रियों को अब सुरक्षित, तेज और निर्बाध मार्ग उपलब्ध होगा।

गुना का पहला नगर वन - ग्रीन इंडिया मिशन के तहत ‘सिटी फॉरेस्ट’ की शुरुआत
सिंधिया ने आज गुना को पर्यावरणीय संपन्नता की दिशा में एक बड़ी सौगात भी दी। ग्रीन इंडिया मिशन के अंतर्गत गुना का पहला नगर वन मंजूर किया गया, जो एयरपोर्ट के समीप बिलोनिया बीट, दक्षिण गुना रेंज में विकसित होगा। लगभग ₹1 करोड़ की लागत से बनने वाला यह नगर वन शहर का “ग्रीन लंग” बनेगा।  इस परिसर में बच्चों के लिए सुरक्षित खेल स्थल, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए ओपन जिम और परिवारों के लिए शांत विश्राम स्थल विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्मृति वन, नक्षत्र वन, चक्रव्यूह वन और फूल वन जैसे थीम आधारित उद्यान शहर को एक अद्वितीय प्राकृतिक पहचान देंगे। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि गोपालपुरा तालाब से सटे होने के कारण भविष्य में यहाँ वॉटर स्पोर्ट्स, रिवरफ्रंट कैफे और पर्यटन केंद्रित गतिविधियों की भी अत्यंत संभावनाएँ हैं जो इस क्षेत्र का प्रमुख ‘इको-टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ बनाने में सक्षम होंगी।

ऊर्जा, सड़कों, शिक्षा और खेल को मिलेगा नया आयाम
इन प्रमुख परियोजनाओं के अतिरिक्त गुना में इस प्रवास पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया कुल मिलाकर लगभग ₹200 करोड़ की विकास योजनाओं की शुरुआत करने जा रहे हैं। इनमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की विद्युत प्रणाली को सुदृढ़ बनाने हेतु चार नए 33/11 KVA सब-स्टेशन, कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सात नई सड़कों का निर्माण, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने हेतु नए हाई स्कूल भवन, और युवाओं की प्रतिभा निखारने के लिए गुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके साथ ही गुना वाटर स्कीम के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ और पर्याप्त जल उपलब्ध कराने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए गए हैं।

यह सिर्फ परियोजनाएँ नहीं, हमारे साझा सपनों की नींव हैः सिंधिया
अपने संबोधन में सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विकासपरक प्रतिबद्धता की भी सराहना की, जिनके नेतृत्व में प्रदेश की परियोजनाओं को गति मिली है। सिंधिया ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं का एकमात्र उद्देश्य नागरिकों के जीवन स्तर में सार्थक परिवर्तन लाना है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज का दिन केवल लोकार्पण और भूमिपूजन का नहीं, बल्कि हमारे साझा सपनों और आकांक्षाओं को साकार करने की दिशा में उठाया गया ठोस कदम है। आइए मिलकर बनाएं विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार,विधायक पन्नालाल शाक्य,जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़,नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता,पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया,धरम सोनी, हरिसिंह यादव,योगेन्द्र लुंबा, राजेश सिंह राजपूत, देवेन्द्र गुप्ता,टिल्लू रघुवंशी, महेंद्र किरार,अनिल जैन, नीरज निगम आदि उपस्थित थे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0