समस्तीपुर में कूड़े में मिलीं हजारों VVPAT पर्चियां, आयोग ने ARO को किया निलंबित, FIR के आदेश
समस्तीपुर (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शनिवार को यहां सड़क किनारे हजारों की संख्या में वीवीपैट (VVPAT) मशीन से निकली पर्चियां कचरे के ढेर में फेंकी हुई मिलीं। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई।
चुनाव आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मिली हुईं पर्चियां मतदान के दौरान उपयोग की गई नहीं थीं, बल्कि मॉक पोल की थीं — यानी मतदान शुरू होने से पहले मशीनों की जांच के लिए निकाली गई थीं। बावजूद इसके, आयोग ने जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही मानते हुए संबंधित सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) को निलंबित कर दिया है और एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
आरजेडी ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए सवाल उठाया कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में वीवीपैट पर्चियां सड़क किनारे कैसे पहुंचीं और किसके निर्देश पर फेंकी गईं? आरजेडी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए इसे लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ बताया और पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए।
घटना के वायरल वीडियो में सड़क किनारे बिखरी हुई पर्चियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। हालांकि इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकी है। मामले की सूचना मिलते ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल भी मौजूद थे।
डीएम कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पर्चियां मॉक पोल की प्रतीत हो रही हैं, जो मतदान शुरू होने से पहले परीक्षण के दौरान मशीनों से निकाली जाती हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी।
फिलहाल, प्रशासन ने क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी है, वहीं विपक्ष इस घटना को चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न बता रहा है। चुनाव आयोग की त्वरित कार्रवाई के बावजूद, समस्तीपुर की यह घटना बिहार चुनाव में पारदर्शिता और सुरक्षा पर नए सवाल खड़े कर रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



