सबरीमाला जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, अब ‘इरुमुड़ी’ का नारियल केबिन बैग में ले जाने की अनुमति
तिरुवनंतपुरम (आरएनआई) सबरीमाला मंदिर जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण राहत की घोषणा की है। अब तीर्थयात्री अपने इरुमुड़ी में रखे पवित्र नारियल को हवाई यात्रा के दौरान केबिन बैग में लेकर जा सकेंगे। यह विशेष छूट तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है और मंडलम-मकरविलक्कु सीजन तक जारी रहेगी।
सबरीमाला की वार्षिक यात्रा, जो मध्य नवंबर से मध्य जनवरी तक लगभग दो महीने तक चलती है, के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न राज्यों से हवाई मार्ग से केरल पहुंचते हैं। लंबे समय से यह मांग उठ रही थी कि इरुमुड़ी में रखे विशेष पूजा नारियल को सुरक्षा कारणों से केबिन बैग में ले जाने की अनुमति दी जाए। सरकार के इस निर्णय से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए नारियल को केबिन बैग में ले जाने की अनुमति दी गई है, लेकिन इसके लिए अतिरिक्त जांच प्रक्रियाएं अनिवार्य होंगी। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के महानिदेशक राजेश निर्वाण के अनुसार, सुरक्षा जांच के दौरान नारियल को पहले एक्स-रे मशीन से गुजारा जाएगा, फिर एक्सप्लोसिव ट्रेस डिटेक्शन (ईटीडी) से जांच होगी और अंत में फिजिकल चेक किया जाएगा। इन तीनों चरणों के पूरा होने के बाद ही नारियल को केबिन बैग में ले जाने की अनुमति दी जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया सीआईएसएफ के एविएशन सुरक्षा समूह की कड़ी निगरानी में की जाएगी।
सबरीमाला यात्रा में इरुमुड़ी का विशेष महत्व है। यह पवित्र थैली भक्त अपने सिर पर लेकर चलते हैं, जिसमें भगवान अयप्पा को अर्पित की जाने वाली सामग्री रखी जाती है। इनमें रखा नारियल विशेष पूजा का हिस्सा होता है, जिसे मंदिर में चढ़ाया जाता है। हवाई यात्रा के दौरान इस नारियल को साथ ले जाने की अनुमति मिलना श्रद्धालुओं के लिए भावनात्मक और धार्मिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सरकार के इस फैसले से सबरीमाला पहुंचने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर उन श्रद्धालुओं को जो लंबे रास्ते और कठिन पर्वतीय यात्रा के कारण पहले से ही शारीरिक और मानसिक तनाव से गुजरते हैं। अब हवाई यात्राओं में उनका धार्मिक दायित्व निभाना और भी आसान हो सकेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



