शिबू सोरेन के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक, कल दोपहर 3 बजे झारखंड में दी जाएगी अंतिम विदाई

दिशोम गुरु शिबू सोरेन का आज निधन हो गया। यह जानकारी उनके बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद 'एक्स' पर पोस्ट कर साझा की। उन्होंने लिखा कि आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं। राज्य सरकार ने तीन दिनों के राजकीय शोक का एलान किया है।

Aug 4, 2025 - 14:18
 0  135
शिबू सोरेन के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक, कल दोपहर 3 बजे झारखंड में दी जाएगी अंतिम विदाई

नई दिल्ली  (आरएनआई) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिबू सोरेन के निधन की सूचना मिलने पर दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे। पीएम मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के परिजनों को सांत्वना देते हुए दिवंगत सांसद को श्रद्धांजलि भी दी।

शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा। झारखंड के पैतृक गांव में कल दोपहर उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो जाएगा। दोपहर करीब तीन बजे उन्हें मुखाग्नि दी जाएगी।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर आज शाम छह बजे झारखंड लाया जाएगा। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को उनका पार्थिव शरीर सबसे पहले रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पर लाया जाएगा। मंगलवार सुबह झामुमो के पार्टी कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा ले जाया जाएगा, जहां जनप्रतिनिधि और अधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के नेमरा में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झारखंड के अपने पूर्व समकक्ष को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और पड़ोसी राज्य की राजनीति में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। उन्होंने 'X' पर लिखा, 'झारखंड की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण योगदान स्मरणीय है। उनके निधन से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार एवं प्रशंसकों को इस दुःख की घड़ी को धैर्यपूर्वक सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।'

राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए हमारे संयुक्त संघर्षों की स्मृतियों का जिक्र किया। लालू ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, 'हमारे संघर्षों के साथी झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनके साथ किए गए संघर्षों से मेरी कई यादें जुड़ी हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय और हाशिए पर पड़े समुदायों के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दुख की घड़ी में पूरा राष्ट्रीय जनता दल परिवार गुरु जी के परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार एवं शुभचिंतकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'

बिहार विधानसभा में वर्तमान में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोरेन को अभिभावक कहा। उन्होंने कहा, 'झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, एक प्रखर नेता, गरीब, वंचित, उपेक्षित और मेहनतकश वर्ग की आवाज व आदिवासी अधिकारों के प्रबल समर्थक, अभिभावक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। सामाजिक न्याय और आदिवासी कल्याण के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।

झारखंड के पड़ोसी राज्य बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव ने भी शिबू सोरेन के निधन पर शोक प्रकट किया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.