राघौगढ़ में NSUI छात्र समागम में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने साझा किया अपना राजनीतिक सफर, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
राघौगढ़ (आरएनआई) शासकीय महाविद्यालय राघौगढ़ में सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) द्वारा छात्र समागम 2025 एवं छात्र संवाद, सम्मान संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में राघौगढ़ विधायक एवं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने छात्रों से अपने बचपन, राजनीति में आने के अनुभव और राजनीतिक सफर की कहानी साझा की।
जयवर्धन सिंह ने बताया कि जब उन्होंने राजनीति में आने का निर्णय लिया, तो उनके पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उन्हें मना करते हुए कहा था कि “राजनीति गंदी चीज है।” इसके बावजूद, राघौगढ़ के लोगों के आग्रह पर उन्होंने क्षेत्र में रहकर काम करने का संकल्प लिया। दिग्विजय सिंह ने शर्त रखी कि “आपको तीनों मौसम—गर्मी, बारिश और सर्दियों में पैदल यात्रा करनी होगी।” इस चुनौती को स्वीकार करते हुए उन्होंने पूरे क्षेत्र में यात्रा की, लोगों से संवाद किया और राजनीति में कदम रखा।
उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को साझा करते हुए कहा कि पहली बार 2013 में चुनाव लड़ा और जनता के आशीर्वाद से जीत हासिल की। इसके बाद 2018 में फिर से चुनाव जीता और 18 महीने तक मंत्री पद संभाला। वर्ष 2023 में तीसरी बार चुनाव जीतकर विधायक बने।
अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए जयवर्धन सिंह ने बताया कि शासकीय महाविद्यालय के लिए दो नई बिल्डिंग स्वीकृत कराईं, जिसमें यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। उन्होंने आश्वासन दिया कि कॉलेज परिसर के लिए खेल मैदान की जगह स्वीकृत कराकर बाउंड्री वॉल भी बनाई जाएगी।
छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने अनुशासन, समय पर कॉलेज आने और पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की। साथ ही, उन्होंने कॉलेज प्राचार्य से मुलाकात कर संस्थान की जरूरतों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पाया कि कॉलेज में करीब डेढ़ सौ विद्यार्थियों पर केवल एक शिक्षक है और अधिकांश कर्मचारी आउटसोर्स या संविदा पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा ताकि कॉलेज को आवश्यक स्टाफ मिल सके।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि पटवारी, शिक्षक, पुलिस सहित सभी विभागों की भर्ती परीक्षाओं में घोटाले हो रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने कहा कि “सब-इंस्पेक्टर की भर्ती 2017 से आज तक नहीं आई है। भाजपा नहीं चाहती कि छात्र संघ चुनाव हों, क्योंकि अगर छात्र राजनीति में आएंगे तो उनकी ‘एबीसीडी’ बंद हो जाएगी। इसलिए वे धर्म के नाम पर राजनीति चला रहे हैं।”
कार्यक्रम में NSUI के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



