यूपी में मौसम का मिजाज बदलेगा: हवाओं का रुख बदलते ही बढ़ेगा तापमान, कोहरे को लेकर सतर्कता जारी
लखनऊ (आरएनआई) उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने को तैयार है। पछुआ हवाओं के प्रभाव से बीते दिनों लगातार गिर रहा तापमान शुक्रवार से थमने लगेगा। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि प्रदेश में दो लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनके असर से कहीं दक्षिण–पश्चिमी तो कहीं पुरवैया मिश्रित हवाएं चलेंगी। इसी बदलाव के चलते हल्की गर्माहट लौट सकती है और अगले तीन दिनों में दिन व रात के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
गुरुवार की सुबह आगरा, बरेली, वाराणसी, लखनऊ, अमेठी, कानपुर और प्रयागराज में हल्का कोहरा दिखा। इटावा 7.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि मेरठ में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री, बाराबंकी में 8 डिग्री और कानपुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की दिशा में तेजी से बदलाव आ रहा है। बादलों की आंशिक मौजूदगी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे–धीरे इजाफा हो रहा है, जो अगले दो से तीन दिनों तक जारी रहने का अनुमान है।
राजधानी लखनऊ में भी ठंडी पछुआ हवाओं का असर अब कम पड़ने लगेगा। शुक्रवार से यहां हवाओं का रुख बदल सकता है और आंशिक बादल छाए रहने के संकेत हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान भी 1.7 डिग्री की बढ़त के साथ 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले तीन दिनों में राजधानी सहित पूरे प्रदेश में तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह भी जारी रखी है, क्योंकि मौसम के इस परिवर्तनशील दौर में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



