मुंगावली में बादल फटा: तीन गांव बाढ़ की चपेट में, पूर्व मंत्री व विधायक बृजेंद्र सिंह यादव पहुंचे राहत के लिए
मुंगावली (आरएनआई)। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात मूसलाधार बारिश ने मुंगावली क्षेत्र के तीन ग्रामों अमनचार, बमनखिरिया और रूहाना में भारी तबाही मचाई। अचानक हुई बारिश और नालों के उफान से गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। पानी घरों में घुस गया जिससे ग्रामीणों का गेहूं, खाद-बीज, घरेलू सामान, किसानों के पाइप, बकरियां और कच्चे-पक्के मकान तक क्षतिग्रस्त हो गए। करीब 250 परिवारों को भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी मिलते ही विधायक मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अमले के साथ तीनों गांवों का निरीक्षण किया। विधायक ने घर-घर जाकर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में वह ग्रामीणों के साथ खड़े हैं और हर संभव मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि रात में अचानक बादल फटने जैसा मंजर बना और करीब एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई। नाले उफान पर आ गए और पुलियों पर 5 से 6 फीट तक पानी भर गया। इस तेज बहाव ने घरों को नुकसान पहुंचाया और कई परिवार बेघर हो गए।
प्रशासन ने प्रभावित गांवों में स्थिति का आकलन शुरू कर दिया है और राहत कार्यों की तैयारी तेज कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
1
Funny
1
Angry
0
Sad
0
Wow
0



