मानसून सत्र का तीसरा दिन भी हंगामेदार, लोकसभा-राज्यसभा में गूंजे नारे
नई दिल्ली (आरएनआई) आज संसद के मानसून सत्र का तीसरा दिन है। लोकसभा और राज्यसभा में आज भी विपक्ष हंगामा कर सकता है। इससे पहले दूसरे दिन की कार्यवाही भी हंगामे की भेंट चढ़ गई। विपक्षी दलों के सांसदों ने बिहार में चुनाव आयोग के एसआईआर पर जमकर हंगामा किया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध दूर होने के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं।
विपक्षी दलों के शोरगुल और हंगामे के बावजूद पीठासीन सभापति संध्या राय ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे दोबारा शुरू कराई। विपक्षी दलों की तरफ से हो रही नारेबाजी और शोरगुल के बीच सांसदों-मंत्रियों ने सदन के पटल पर अहम प्रपत्र और रिपोर्ट पेश किए। हंगामा नहीं थमता देख सभापति संध्या राय को सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे शुरू हुई। पीठासीन सभापति घनश्याम तिवारी ने सदस्यों ने शांति बनाए रखने की अपील की और सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करने की बात कही। हालांकि, सदस्यों का हंगामा जारी रहा और सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगति कर दी गई।
संसद की कार्यवाही बाधित होने से नाराज केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, विपक्षी दलों का गठबंधन INDIA ब्लॉक 'हल्लाड़' ब्लॉक बन गया है... संसद के बाहर वे कहते हैं कि चर्चा होनी चाहिए, लेकिन वे सदन में बहस से भाग रहे हैं। कल मैंने हाथ जोड़कर विपक्ष से चर्चा होने देने की अपील की थी, लेकिन वे हंगामा करते रहे। सदन में किसानों के कल्याण और संबंधित योजनाओं के बारे में कई प्रश्न सूचीबद्ध थे। मैं किसानों और जनता से इंडिया ब्लॉक के इस दोहरे मापदंड को देखने की अपील करता हूं।
लोकसभा में विपक्ष के हंगामे पर स्पीकर ओम बिरला नाराज हो गए। उन्होंने नारेबाजी कर रहे सांसदों को आड़े हाथों लिया और कहा, आप सड़क का व्यवहार संसद में कर रहे हैं। ये देश देख रहा है।
ओम बिरला ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, 'सदन में तख्तियां लेकर आने वालों पर मुझे निर्णायक कार्रवाई करनी पड़ेगी। माननीय हो आप माननीय जैसा व्यवहार करें।'
संसद के मानसून सत्र में तीसरे दिन की कार्यवाही से पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, संघ प्रमुख भागवत जवाहरलाल नेहरू की पुस्तक 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' को खारिज करते हैं। विश्वविद्यालयों में इतिहास के प्रोफेसरों की कही बातों को भी खारिज करते हैं। आरएसएस का इतिहास देश के इतिहास से अलग है। खरगे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने भी राज्यसभा में नियम 267 के तहत कार्य स्थगन का नोटिस दिया है। उन्होंने दिल्ली में जबरन बेदखली के कारण उपजे गंभीर मानवीय संकट पर चर्चा की मांग की है।
संसद के मानसून सत्र में कामकाज से जुड़े एक सवाल पर भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा, विपक्षी गठबंधन- INDIA ब्लॉक के सभी सांसद हंगामा कर रहे हैं। जनता का सारा पैसा बर्बाद हो रहा है। कोई सार्थक चर्चा नहीं हो रही है। हंगामे के लिए विपक्ष जिम्मेदार है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर भाजपा सांसद ने कहा, कोई किसी को बताकर बीमार नहीं होता, मैं भी अभी अस्वस्थ हो सकता हूं। धनखड़ अस्वस्थ हैं। इस मुद्दे पर ज्यादा चर्चा नहीं होनी चाहिए।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



