बेंगलुरु में फिल्मी स्टाइल लूट: 30 मिनट में सात करोड़ लेकर फरार हुए नकली 'आरबीआई अफसर'
बेंगलुरु (आरएनआई) कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार दोपहर एक कैश वैन से करीब 7.1 करोड़ रुपये की सनसनीखेज लूट को अंजाम दिया गया। फिल्मी अंदाज में खुद को आरबीआई अधिकारी बताने वाले 5-6 बदमाशों ने आधे घंटे के भीतर पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच के लिए आठ विशेष टीमें गठित की हैं। वहीं कैश मैनेजमेंट कंपनी सीएमएस इंफो सिस्टम्स के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अपने स्टाफ पर शक नहीं है और पुलिस जांच के बाद तथ्य सामने आ जाएंगे।
कैसे हुई लूट?
दोपहर करीब 12:30 बजे सीएमएस इंफो सिस्टम्स की कैश वैन एचडीएफसी बैंक (जेपी नगर) से तीन कैश बॉक्स लेकर एचबीआर लेआउट की ओर जा रही थी। जयनगर के अशोक पिलर के पास अचानक एक मारुति जेन कार ने वैन को रोका। इसके तुरंत बाद पीछे से एक इनोवा एमयूवी आकर रुकी।
जेन कार से उतरे तीन लोगों ने वैन स्टाफ से कहा, “हम आरबीआई अधिकारी हैं, आपकी कंपनी पर नियमों के उल्लंघन का मामला है, बयान लेना है।”
वैन में मौजूद चारों कर्मचारी—ड्राइवर बिनोद कुमार, कस्टोडियन आफताब और दो गनमैन राजन्ना व तम्मैया—बेझिझक उनके साथ चले गए और अपनी राइफलें वैन में ही छोड़ दीं।
बदमाशों ने कर्मचारियों को बताया कि पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन जाना होगा और कैश बॉक्स आरबीआई ऑफिस भेजे जा रहे हैं। कर्मचारियों को उन्होंने सिद्धापुर पुलिस स्टेशन की ओर पैदल भेज दिया, जबकि ड्राइवर को वैन लेकर डेयरी सर्किल फ्लायओवर पर इंतजार करने का निर्देश दिया।
तीन मिनट में कैश गायब
डेयरी सर्किल फ्लायओवर पहुंचते ही ड्राइवर इंतजार करने लगा। तभी दूसरा वाहन वहां पहुंचा। बंदूक दिखाकर बदमाशों ने वैन से कैश बॉक्स निकाले और पास खड़ी एक वैगन-आर में डालकर मौके से फरार हो गए। जिस इनोवा में वे आए थे, वह वहीं छोड़ दी गई। ड्राइवर को तब समझ आया कि कथित अधिकारी असल में लुटेरे थे।
पुलिस जांच में जुटी
बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी द्वारा शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई, जिससे शुरुआती समय निकल गया। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आठ स्पेशल टीमें गठित की गई हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, एमयूवी पर भारत सरकार का लोगो लगा था, लेकिन जांच में नंबर प्लेट फर्जी निकली। पुलिस वारदात से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, वाहनों और संभावित रूट की पड़ताल कर रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



