बालासोर आत्मदाह मामला: बीजद ने की न्यायिक जांच की मांग, कहा- यह सामान्य मौत नहीं
इससे पहले ओडिशा में दुष्कर्म पीडिता कॉलेज छात्रा की मौत को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला बोला। राहुल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि यह व्यवस्था जनित संगठित हत्या से कम नहीं है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रा की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। प्रधान ने राहुल गांधी पर संवेदनशील मुद्दे पर सस्ती राजनीति करने का आरोप लगाया।
भुवनेश्वर (आरएनआई) ओडिशा में बालासोर के एक कॉलेज में 20 वर्षीय छात्रा की मौत के बाद बीजू जनता दल प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने इस घटना की न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने दावा किया कि यह कोई सामान्य मौत नहीं है। एएनआई से बात करते हुए मोहंती ने दावा किया कि अधिकारी छात्रा की शिकायत को नजरअंदाज करते रहे, जिसके बाद उसके पास आत्मदाह करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
बीजद प्रवक्ता ने कहा, 'हम दुखी हैं। कल हम राज्यस्तरीय विरोध के तहत लोकसभा भवन का घेराव करेंगे। बालासोर में हमने बंद का आह्वान किया है। वह पीड़ित थीं, क्योंकि उसने बाहर निकलने का रास्ता ढूंढ़ने की कोशिश की थी। वह पीड़ित थीं, क्योंकि उनके अपने विभागाध्यक्ष ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था। जब उसने प्रिंसिपल को इसकी सूचना दी, तो उन्होंने इसे हल्के में लिया। जब मामला आंतरिक समिति के सामने आया, तो उसी दिन आंतरिक समिति का गठन किया गया। वे दो हफ्ते तक इस पर विचार करती रहीं और बाद में जब उसने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को ट्वीट किया, तो किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। फिर उसने एक कठोर कदम उठाया और अब वह इस दुनिया में नहीं हैं।'
उन्होंने आगे कहा कि कई संदेह पैदा हुए हैं। मोहंती ने कहा, 'हमारे नेताओं को उनसे मिलने नहीं दिया गया। संस्थागत विफलता के कारण उनकी जान चली गई। अग्निशमन यंत्र वहां नहीं है। उस समय दो सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे। यह कोई सामान्य मौत नहीं है और हम न्यायिक जांच चाहते हैं। मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। वे विफल रहे हैं। यह पहला मामला नहीं है।'
उन्होंने आगे कहा कि पिछले एक साल में दुष्कर्म के 3054 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। बीजद नेता ने कहा, 'कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। 10 दिन पहले गोपालपुर में एक सामूहिक दुष्कर्म हुआ था और उससे 10 दिन पहले उसी जगह पर एक और सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। क्योंझर में एक आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म हुआ था।' बीजद ने पीड़ित परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये के मुआवजे और घटना की न्यायिक जांच की भी मांग की है।
कांग्रेस समेत आठ विपक्षी राजनीतिक दलों ने मंगलवार को बालासोर की 20 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में एकजुट होकर 17 जुलाई को 'ओडिशा बंद' का आह्वान किया और राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और न्यायिक जांच की मांग की। सीपीआई (एम) नेता सुरेश पाणिग्रही ने एएनआई को बताया, 'संयुक्त विपक्ष ने 17 जुलाई को ओडिशा बंद रखने का संकल्प लिया है।'
इससे पहले ओडिशा में दुष्कर्म पीडिता कॉलेज छात्रा की मौत को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला बोला। राहुल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि यह व्यवस्था जनित संगठित हत्या से कम नहीं है। कॉलेज छात्रा के उत्पीड़न और मौत के विरोध कांग्रेस के नेतृत्व में आठ विपक्षी दलों ने 17 जुलाई को ओडिशा बंद का आह्वान किया है। राहुल ने आरोप लगाया कि जिन लोगों को छात्रा की रक्षा करनी थी, वे ही उसे तोड़ते रहे। उन्होंने एक पोस्ट में कहा, बहादुर छात्रा ने यौन उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई, लेकिन न्याय दिलाने के बजाय, उसे धमकाया गया, प्रताड़ित किया गया और बार-बार अपमानित किया गया।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रा की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। प्रधान ने राहुल गांधी पर संवेदनशील मुद्दे पर सस्ती राजनीति करने का आरोप लगाया और उनसे माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा यह राहल गांधी की क्षुद्र मानसिकता को दिखाता है।
20 वर्षीय छात्रा को बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज के विभागाध्यक्ष (एचओडी) द्वारा कथित तौर पर लंबे समय तक यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था। औपचारिक शिकायत दर्ज कराने और कॉलेज के प्रिंसिपल से मदद मांगने के बावजूद उसकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इससे परेशान होकर उसने पिछले शनिवार को परिसर में खुद को आग के हवाले कर दिया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि उसे पहले बालासोर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया, जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई। मामले में फकीर मोहन कॉलेज की विभागाध्यक्ष समीरा कुमार साहू और प्रिंसिपल दिलीप घोष को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



