नदी से मिला लापता रामदयाल का शव, छह दिन बाद हुई शिनाख्त
गुना (आरएनआई) जिले राघौगढ़ क्षेत्र के आवन में बीते शुक्रवार से लापता हुए 55 वर्षीय रामदयाल पुत्र शंकरलाल का शव गुरुवार सुबह नदी से बरामद हुआ। पानी में छह दिन तक रहने के कारण शव की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि पहचान करना मुश्किल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार रामदयाल शुक्रवार रात दोस्तों के साथ आवन नदी किनारे पार्टी करने गए थे। देर रात तक जश्न चलता रहा, लेकिन इसके बाद वे घर नहीं लौटे। जब परिवार ने तलाश की तो कोई सुराग नहीं मिला। पूछताछ में सामने आया कि उन्हें आखिरी बार नदी किनारे ही देखा गया था। इसी आधार पर डूबने की आशंका जताई गई और मामला पुलिस तक पहुंचा।
सूचना पर एसडीईआरएफ की टीम ने नदी में खोजबीन शुरू की। पहले दिन अंधेरा होने के कारण तलाश अधूरी रह गई। गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे टीम को घटनास्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर रामदयाल का शव मिला। पानी में लंबे समय तक दबे रहने से शव पूरी तरह सड़ चुका था। चमड़ी झड़ जाने से हड्डियां तक बाहर दिखने लगी थीं। शव मिलने की खबर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



