धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा को लेकर एसपी अलर्ट, संडीला शोभायात्रा मार्ग और हत्याहरण तीर्थ मेले का किया निरीक्षण
हरदोई (आरएनआई) जिले में धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक हरदोई नीरज कुमार जादौन ने सोमवार को संडीला व बेनीगंज क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
सबसे पहले एसपी संडीला थाना क्षेत्र पहुँचे, जहाँ महावीर हनुमान मंदिर से निकलने वाली पारंपरिक शोभायात्रा का मार्ग निर्धारित है। उन्होंने पूरे रास्ते का पैदल निरीक्षण किया और रास्ते में पड़ने वाले संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अवरोध उत्पन्न न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होनी चाहिए। साथ ही भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और बैरिकेडिंग पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक बेनीगंज थाना क्षेत्र स्थित हत्याहरण तीर्थ स्थल पहुँचे, जहाँ विशाल मेले का आयोजन चल रहा है। उन्होंने मेले परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली। पार्किंग स्थल, प्रमुख प्रवेश व निकास द्वार, धार्मिक स्थलों और मेलास्थल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था का उन्होंने बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी सतर्कता और संवेदनशीलता से ड्यूटी करें।
एसपी ने मेले में महिला पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी, भीड़ नियंत्रण के उपाय, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान पुलिस की पहली जिम्मेदारी जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



