गुना में आदिवासी युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला, जमीनी विवाद में बढ़ा तनाव — प्रशासन से कार्रवाई की माँग
गुना (आरएनआई) — जिले में एक आदिवासी युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दिव्यांग आदिवासी युवक को कुछ लोगों ने कथित रूप से मूत्र पिलाया। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है, वहीं अब आदिवासी समाज ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग उठाई है।
जानकारी के अनुसार यह मामला गुना के हड्डीमिल क्षेत्र में जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। बताया गया है कि विवादित भूमि पर लंबे समय से कब्जे को लेकर तनाव बना हुआ है। फरियादी अनिल आदिवासी पुत्र स्व. मोहन आदिवासी, निवासी ग्राम मंगवार ने कैंट थाना में शिकायत दी है कि जब वह अपनी जमीन पर चल रहे ट्रैक्टर को रोकने पहुँचा, तो आरोपियों ने न केवल उसे धमकाया बल्कि उसके साथ मारपीट भी की।
फरियादी का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे गोली मार दी जाएगी। इस दौरान लीला बाई, अनिल और बलवीर आदिवासी के साथ भी मारपीट की गई।
आरोप है कि कैंट थाना में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे फरियादी को महिला उप निरीक्षक ने आवेदन लेकर वापस भेज दिया, जिसके बाद अब आदिवासी समाज ने पुलिस और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की माँग की है।
स्थानीय आदिवासी संगठनों ने कहा है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो वे जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
फिलहाल पुलिस ने बताया है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जाँच की जा रही है। आरोपों के सत्यापन के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



