केरल में दो चरणों में होगा स्थानीय निकाय चुनाव, मतदान 9 और 11 दिसंबर को, 13 दिसंबर को होगी मतगणना
तिरुवनंतपुरम (आरएनआई) — केरल राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जाएंगे। पहला चरण 9 दिसंबर और दूसरा चरण 11 दिसंबर को होगा, जबकि मतगणना 13 दिसंबर को की जाएगी।
निर्वाचन आयुक्त ए. शाजहान ने बताया कि पहले चरण में तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानमथिट्टा, कोट्टायम, अलप्पुझा, इदुक्की और एर्नाकुलम जिलों में मतदान कराया जाएगा। दूसरे चरण में त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, वायनाड, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 नवंबर, नामांकन पत्रों की जांच 22 नवंबर को और नाम वापसी की आखिरी तारीख 24 नवंबर तय की गई है।
शाजहान ने बताया कि चुनाव राज्य के 1,200 में से 1,199 स्थानीय निकायों में कराए जाएंगे, क्योंकि मत्तनूर नगरपालिका परिषद का कार्यकाल वर्ष 2027 तक है। इन चुनावों में 941 ग्राम पंचायतें, 152 ब्लॉक पंचायतें, 14 जिला पंचायतें, 86 नगरपालिकाएं और 6 नगर निगम शामिल होंगे।
राज्य में कुल 23,512 वार्डों के लिए मतदान होगा। इसके लिए 33,746 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 2,84,30,761 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 2,841 प्रवासी भारतीय मतदाता भी शामिल हैं।
निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि राज्य में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



