‘कीमत चुकानी होगी…’ इंडिगो संकट पर केंद्र का बड़ा बयान, कुप्रबंधन को ठहराया जिम्मेदार
नई दिल्ली (आरएनआई)। इंडिगो की उड़ान सेवाओं में आए हालिया व्यवधान पर केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने स्पष्ट कहा कि यह संकट एयरलाइन के चालक दल प्रबंधन में गड़बड़ी के कारण पैदा हुआ है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि परिचालन जल्द सामान्य हो जाएगा और एयरलाइन के खिलाफ कार्रवाई केवल समय की बात है।
न्यूज एजेंसी और एक चैनल से बातचीत में मंत्री नायडू ने कहा कि इंडिगो की हजारों उड़ानें रद्द होने के बावजूद अन्य एयरलाइनों पर कोई असर नहीं पड़ा, जिससे साफ है कि समस्या नियमों के कारण नहीं, बल्कि एयरलाइन के प्रबंधन स्तर पर थी। उन्होंने बताया कि डीजीसीए के नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) नियम नवंबर से लागू हुए थे और अन्य एयरलाइनों ने समय रहते खुद को उनके अनुरूप ढाल लिया।
मंत्री के अनुसार, अब दिल्ली, मुंबई, चेन्नई समेत प्रमुख हवाई अड्डों पर भीड़ कम हो गई है और यात्रियों की परेशानी घट रही है। इंडिगो सीमित क्षमता के साथ उड़ानें शुरू कर रही है और धीरे-धीरे सामान्य संचालन बहाल होगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पूरी क्षमता बहाल होने में कुछ समय लग सकता है।
नायडू ने जोर देकर कहा कि मंत्रालय और डीजीसीए की ओर से किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई। इंडिगो को पहले ही निर्देश दिए गए थे कि जल्द से जल्द संचालन सुचारू किया जाए। लेकिन देरी जारी रहने पर बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द करने के निर्देश दिए गए ताकि हवाई अड्डों पर भीड़ नियंत्रित हो सके।
इस पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है, जो यह पता लगाएगी कि चूक कहाँ हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी है। नायडू ने कहा, "जिन्होंने यह स्थिति पैदा की है, उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी। हम सख्त कार्रवाई करेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा पर किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने दोहराया कि सरकार की पहली प्राथमिकता यात्रियों को राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हर दिन करीब पाँच लाख लोग हवाई यात्रा करते हैं, ऐसे में संचालन को सामान्य करना और यात्रियों की सहायता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



