इंडिगो सीईओ की माफी पर एक्स पर कम्युनिटी नोट, यूजर्स ने उठाए सवाल
नई दिल्ली (आरएनआई) इंडिगो एयरलाइन के परिचालन संकट के बीच शुक्रवार शाम एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स द्वारा जारी माफीनामा वीडियो पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कम्युनिटी नोट लगा दिया गया। वीडियो में सीईओ ने यात्रियों को हो रही असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया था, लेकिन यात्रियों की नाराज़गी और बढ़ गई तथा उन्होंने एयरलाइन से मुआवजे की मांग तेज़ कर दी।
इंडिगो के खिलाफ लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है क्योंकि शनिवार को भी कई हवाई अड्डों पर उड़ानों के रद्द होने का सिलसिला जारी रहा। शुक्रवार को स्थिति चरम पर रही जब एक ही दिन में 1000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे यात्रियों को घंटों हवाई अड्डों पर फंसा रहना पड़ा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इसी बीच जारी किए गए वीडियो संदेश में सीईओ ने खेद व्यक्त किया, लेकिन उपयोगकर्ताओं ने सवाल उठाए कि एयरलाइन स्थिति को संभालने में विफल क्यों रही। वीडियो पर एक्स की ओर से लगाए गए कम्युनिटी नोट में बताया गया कि डीजीसीए द्वारा नए एफडीटीएल नियमों की जानकारी एयरलाइनों को एक वर्ष पहले दे दी गई थी। ऐसे में केवल क्रू प्रबंधन की गड़बड़ी को कारण बताना सही तथ्यों को छिपाना प्रतीत होता है।
यूजर्स ने पूछा कि जब एयरलाइन के पास पर्याप्त समय था, तो फिर यात्रियों को इस अव्यवस्था का सामना क्यों करना पड़ा। साथ ही, कई यात्रियों ने सवाल किया कि जब परिचालन संकट अब भी बरकरार है, तो एयरलाइन टिकटों की बिक्री क्यों जारी रखे हुए है। लोगों ने मांग की कि प्रभावित यात्रियों को केवल टिकट का रिफंड नहीं, बल्कि हुए नुकसान का मुआवजा भी मिलना चाहिए।
कुछ यूजर्स ने यह आरोप भी लगाया कि इंडिगो ने जानबूझकर नियमों में छूट दिलवाने के लिए स्थिति को इतने गंभीर स्तर पर पहुँचने दिया। वहीं कुछ लोगों ने एयरलाइन के शीर्ष प्रबंधन में फेरबदल की मांग करते हुए कहा कि इस लापरवाही के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
सीईओ के माफी वीडियो के बावजूद यात्रियों का आक्रोश शांत नहीं हुआ है और सोशल मीडिया पर एयरलाइन के खिलाफ विरोध लगातार जारी है। यात्रियों का कहना है कि इंडिगो को इस संकट की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए पारदर्शिता के साथ स्थिति सुधारनी चाहिए, क्योंकि लाखों यात्रियों की असुविधा को किसी भी कीमत पर नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



