आईजी अरविन्द सक्सेना ने किया गुना पुलिस कार्यप्रणाली का वार्षिक निरीक्षण — पुलिस परेड में ली सलामी
गुना (आरएनआई) पुलिस महानिरीक्षक (आई.जी.पी.) ग्वालियर जोन अरविन्द सक्सेना, गुना पुलिस कार्यप्रणाली के वार्षिक निरीक्षण के लिए तीन दिवसीय दौरे पर गुना जिले में प्रवासरत हैं। इस दौरान आज 11 नवम्बर को उन्होंने प्रातः 09 बजे पुलिस परेड ग्राउंड, गुना में आयोजित पुलिस परेड की सलामी ली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
आईजी ने परेड में शामिल जवानों के टर्नआउट का निरीक्षण किया। जिन पुलिसकर्मियों का टर्नआउट उत्कृष्ट पाया गया, उन्हें प्रशंसा पत्र एवं पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया, वहीं जिनका टर्नआउट अपेक्षानुरूप नहीं था, उन्हें सुधार हेतु समझाइश दी गई। उन्होंने परेड एवं पुलिस बैंड की प्रस्तुतियों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस वाहनों की स्थिति एवं रखरखाव का भी अवलोकन किया। उन्होंने वाहन चालकों की डायरियां देखीं, वाहनों के रखरखाव की प्रशंसा की तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले चालकों को पुरस्कृत किया।
इसके पश्चात पुलिस लाइन परिसर में कर्मचारी दरबार आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी को विभाग को “आदर्श पुलिस” के रूप में स्थापित करने हेतु प्रेरित करते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहें तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।
अपरान्ह में आईजी श्री सक्सेना ने रक्षित केंद्र कार्यालय का निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने कार्यालयीन अभिलेखों की समीक्षा की तथा क्वार्टर गार्ड, स्टोर शाखा, शस्त्रागार, वाहन शाखा एवं दिशा लर्निंग सेंटर का भी निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। दिशा लर्निंग सेंटर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनसे उनके लक्ष्य के बारे में जानकारी के साथ ही उनके परिवार की भी जानकारी ली गई । साथ ही उन्हें पढ़ाई हेतु जरूरी जरूरी टिप्स भी दिए गए ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय जमीलउद्दीन सिद्दीकी, सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा, एसडीओपी गुना विवेक अष्ठाना, एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे, एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा, डीएसपी यातायात मुकेश कुमार दीक्षित, परिवीक्षाधीन डीएसपी आनंद कुमार राय, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय सहित सभी थाना प्रभारी, कार्यालयीन स्टाफ एवं पुलिस बल के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
आईजी श्री सक्सेना आगामी 12 नवम्बर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यालयीन अभिलेखों की समीक्षा करेंगे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



