CO के पास मिली 100 करोड़ की संपत्ति, आय से अधिक संपत्ति मामले में निलंबित
कानपुर (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश पुलिस के डिप्टी एसपी (PPS) ऋषिकांत शुक्ला को आय से अधिक संपत्ति के मामले में निलंबित कर दिया गया है। कानपुर में तैनाती के दौरान उन्होंने कथित रूप से अवैध तरीके से 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की थी।
सूत्रों के मुताबिक, ऋषिकांत शुक्ला ने पिछले करीब 10 वर्षों की सेवा अवधि में अकूत दौलत इकट्ठी की। जांच में खुलासा हुआ है कि उनके पास 12 जमीनें और 11 दुकानें हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक है। बताया जा रहा है कि उन्होंने यह संपत्ति अवैध लेन-देन और प्रभावशाली संपर्कों के जरिए बनाई थी।
शुक्ला की गहरी दोस्ती अखिलेश दुबे नाम के व्यक्ति से थी, जिसके माध्यम से उन्होंने रियल एस्टेट और कारोबारी सौदों में मोटा मुनाफा कमाया। मूल रूप से पुलिस उपनिरीक्षक के पद पर भर्ती हुए शुक्ला बाद में प्रमोशन पाकर क्षेत्राधिकारी (CO) बने और अधिकतर समय कानपुर में ही तैनात रहे।
गृह विभाग के सचिव आईएएस जगदीश ने गंभीर आरोपों को देखते हुए ऋषिकांत शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही, उनके खिलाफ विजिलेंस जांच शुरू करने का निर्देश भी दिया गया है।
जांच एजेंसियों को अब उनकी चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों और निवेशों का ब्यौरा खंगालने का जिम्मा दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि शुक्ला ने कई संपत्तियाँ अपने परिजनों और करीबी रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, विजिलेंस विभाग की टीम जल्द ही उनके कानपुर स्थित ठिकानों और संपत्तियों की विस्तृत जांच करेगी। गृह विभाग ने कहा है कि यदि आरोप सही पाए गए, तो शुक्ला के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



