जमीन विवाद में पत्नी संग थाने पहुंचे पत्रकार की दरोगा ने की पिटाई, वीडियो वायरल

Jul 12, 2026 - 16:21
Jul 12, 2026 - 16:24
 0  189

हरदोई। हरदोई जिले के हरियावां थाने में एक पत्रकार के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन विवाद के सिलसिले में पत्नी के साथ थाने पहुंचे पत्रकार रामप्रताप के साथ थाने के भीतर ही दरोगा त्रिवेणी नारायण ने मारपीट की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

बताया गया कि हरियावां थाना क्षेत्र के तरी गांव निवासी पत्रकार रामप्रताप का अपने भाइयों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। पैमाइश के दौरान वह बाहर थे, इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी को मौके पर भेजा था। पैमाइश के बाद जब दोनों पक्ष थाने पहुंचे तो आरोप है कि दरोगा त्रिवेणी नारायण इस बात पर नाराज हो गए कि रामप्रताप स्वयं मौके पर क्यों मौजूद नहीं थे।

पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि दरोगा ने थाने के भीतर गाली-गलौज करते हुए उनका कॉलर और बाल पकड़कर मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के साथ भी अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। रामप्रताप का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से की जा सकती है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

कार्रवाई पर टिकी निगाहें

मामले के सामने आने के बाद अब सभी की नजर पुलिस अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)