केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ, आधुनिक ‘गुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स’ का शिलान्यास

Nov 28, 2025 - 17:04
Nov 28, 2025 - 17:17
 0  513
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ, आधुनिक ‘गुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स’ का शिलान्यास

गुना (आरएनआई) केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने गुना प्रवास के तीसरे दिन आज शुक्रवार को सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया और ₹16.93 करोड़ की लागत से बनने वाले आधुनिक बहुउद्देश्यीय गुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया। सिंधिया ने इसे गुना के युवाओं और इस क्षेत्र के भविष्य में सबसे बड़ा निवेश बताया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिलों की सौगात भी दी। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की प्रतिभाओं से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने विश्व कप विजेता खिलाड़ी क्रांति गौड़ पर गर्व जताते हुए कहा कि क्रांति इस तथ्य का प्रमाण है कि लगन और मेहनत से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। 

ऊर्जा, अनुशासन और जन-भागीदारी का उत्सव है सांसद खेल महोत्सव
केन्द्रीय मंत्री ने सांसद खेल महोत्सव का उद्घाटन किया, जिसमें जिले के सभी विकासखंडों से हजारों खिलाड़ी पहुँचे। महोत्सव में कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल,  एथलेटिक्स, क्रिकेट, लंबी कूद, लागोरी( सितोलिया) और फ्रीस्टाइल रेस सहित कई प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का परीक्षण नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और सकारात्मकता का निर्माण करते हैं। सिंधिया ने इस महोत्सव को युवाओं को मुख्यधारा में लाने वाला "भविष्य निर्माण का जन-उत्सव" बताया। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप, खेलों को केन्द्रित नहीं, बल्कि विकेन्द्रीकृत करना है। सिंधिया ने ब्राजील की सॉकर टीम का उदाहरण देते हुए कहा कि असली हुनर बड़े शहरों से नहीं, बल्कि गाँव से निकलती है और आईपीएल में मध्य प्रदेश लीग के 11 खिलाड़ियों का चयन होना बताता है कि प्रदेश में खिलाड़ियों के हुनर को सही मंच मिल रहा है। सिंधिया ने कहा कि मेरे प्रदेश के बच्चे जब अंतरराष्ट्रीय-राष्ट्रीय मंचों पर शानदार प्रदर्शन करते हैं तो मन गौरव से भर जाता है।

जिले के खेल परिदृश्य में ऐतिहासिक बदलाव का साक्षी बनेगा 'गुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स'
केंद्रीय मंत्री ने 6.57 हेक्टेयर भूमि पर ₹16.93 करोड़ की लागत से बने आधुनिक गुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी। यह खेल परिसर एक बहु-उद्देश्यीय आधुनिक संरचना होगा, जिसमें 400 मीटर का एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्वीमिंग पूल, और स्क्वॉश कोर्ट जैसी विभिन्न सुविधाएँ शामिल होंगी। उन्होंने इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की प्रगति की निगरानी के लिए गैर-राजनीतिक स्पोर्ट्स पर्सन समूह (Non-Political Sports Person Group) बनाने का भी सुझाव दिया। सिंधिया ने सागर की बेटी क्रान्ति गौर का उदाहरण देते हुए कहा कि आठ क्लास के बाद पढ़ाई छोड़कर क्रिकेट की बॉल उठाई और राष्ट्र ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुँचकर टी-20 का वर्ल्ड चैम्पियनशिप जीत के लाई। उनकी यह जीत उन हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को उड़ान देना चाहती हैं।

दिव्यांगजनों को सिंधिया ने वितरित की ट्राइसाइकिल
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की। इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि कभी मत समझना कि कुछ असंभव है, खासकर दिव्यांगजनों के लिए। उन्होंने बताया कि दिव्यांग बहनों (महिलाओं) की क्रिकेट टीम भी क्रिकेट के क्षेत्र में वर्ल्ड चैम्पियनशिप जीत के आई है। यदि आप गांठ बांध लेंगे, तो असंभव को भी संभव करके दिखाएंगे। सिंधिया ने दिव्यांगजन शब्द को अदम्य साहस का प्रतीक बताते हुए कहा कि है हमने पैरा गेम्स में एथलेटिक्स, ट्रायसायकल रेस, और पेंटिंग को शामिल किया है। यह इसलिए, क्योंकि खेल के मैदान पर हर नागरिक समान है। हमारे दिव्यांग खिलाड़ियों ने पैरालंपिक में जो इतिहास रचा है, वह हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज वितरित की गई ट्रायसाइकल इन खिलाड़ियों के जीवन में सुगमता लेकर आएंगी ताकि ये भी राष्ट्रनिर्माण के हमारे लक्ष्य में बराबर का योगदान दे पाएं। 

सिंधिया ने दोहराया जनसेवा और युवा सशक्तिकरण का संकल्प
अपने संबोधन में सिंधिया ने कहा कि गुना मेरे लिए किसी निर्वाचन क्षेत्र से अधिक है, यह मेरा परिवार है। उन्होंने टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS), खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख किया। केंद्रीय मंत्री ने गुना की जनता को आह्वान किया कि वे अपने मोबाइल फ़ोन से बाहर निकलकर खेलकूद के मैदान में आएं, क्योंकि इससे उनकी बौद्धिक क्षमता और प्रोडक्टिविटी बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से हर श्रेणी और हर उम्र के लोगों का खेल महोत्सव आयोजित करने का भी आग्रह किया।

कार्यक्रम का समापन करते हुए सिंधिया ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास हुआ है, वे सिर्फ संरचनाएँ नहीं, बल्कि गुना के हर युवा के सपनों की मजबूत नींव हैं। उन्होंने नागरिकों से 'खेलो गुना- खेलो भारत' का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0