"हिंदू समाज का संगठन ही देश की असली शक्ति है" — सुरेंद्र जी मिश्रा

Sunday, January 4, 2026 - 17:02
Updated: 7 months ago
0

गुना (आरएनआई) गुना नगर की 12 बस्तियों में एक साथ हुए भव्य हिंदू सम्मेलन, हर स्थान पर दिखा अभूतपूर्व उत्साह

गुना नगर की 12 बस्तियों में आज एक साथ आयोजित हुए भव्य हिंदू सम्मेलनों ने पूरे नगर को हिंदू चेतना, संगठन और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत कर दिया। इन सम्मेलनों में मातृशक्ति, युवा, बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। नगर के 12 अलग-अलग स्थानों पर जब हिंदू सम्मेलन प्रारंभ हुए, तो हर बस्ती में उत्साह, श्रद्धा और अनुशासन का अद्भुत दृश्य दिखाई दिया।

मुख्य वक्ता सुरेंद्र जी मिश्रा का ओजस्वी उद्बोधन

बूढ़े बालाजी बस्ती में आयोजित हिंदू सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में पधारे माननीय श्री सुरेंद्र जी मिश्रा, (मध्य क्षेत्र – क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य) ने अपने प्रभावशाली एवं ओजस्वी उद्बोधन में हिंदू समाज के संगठन, राष्ट्र की सुरक्षा और हिंदू राष्ट्र की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

श्री मिश्रा ने कहा—

“हिंदू समाज का संगठित रहना ही देश को बचा सकता है।

हिंदू समाज का संगठन ही देश की सबसे बड़ी ताकत है।

जब हिंदू समाज जागृत और संगठित होगा, तभी भारत सुरक्षित, समृद्ध और विश्वगुरु बनेगा।”

उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हिंदू समाज जाति, वर्ग और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट हो। सनातन संस्कृति की रक्षा, परिवार और समाज में संस्कारों का निर्माण तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना ही हिंदू समाज का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के लिए आगे आने का आह्वान किया।

मंच पर संत एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर मंच पर इस्कॉन मंदिर से पधारे पूज्य संत श्री ऋषिवानन्द जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं मातृशक्ति की ओर से दीदी संगीता गर्ग जी, (शक्ति समन्वय की जिला संयोजिका) ने भी उपस्थित रहकर मातृशक्ति की भूमिका, सामाजिक समरसता एवं संस्कार निर्माण पर अपने विचार रखे।

12 स्थानों पर अलग-अलग रूप में हुआ सम्मेलन का शुभारंभ

गुना नगर की विभिन्न बस्तियों में आयोजित हिंदू सम्मेलनों की शुरुआत कहीं कलश यात्रा के माध्यम से सम्मेलन स्थल तक पहुंचकर की गई, तो कहीं गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन द्वारा वातावरण को भक्तिमय बनाया गया।

सम्मेलन से पूर्व सभी स्थानों पर अतिथियों द्वारा भूमि पूजन एवं तुलसी पूजन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रत्येक सम्मेलन में वक्ताओं ने हिंदू समाज की एकता, सामाजिक समरसता, सनातन संस्कृति की रक्षा और संगठित हिंदू समाज के निर्माण पर अपने विचार रखे।

नगर में दिखा हिंदू समाज का जागरण

इन सभी हिंदू सम्मेलनों ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि गुना नगर का हिंदू समाज आज जागरूक, संगठित और राष्ट्रहित के प्रति पूर्णतः समर्पित है। 12 बस्तियों में एक साथ हुए इन आयोजनों ने नगर में हिंदू जागरण की नई ऊर्जा का संचार किया है और आने वाले समय में और अधिक व्यापक सामाजिक सहभागिता का मार्ग प्रशस्त किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User