पूर्व आईजी से 8.10 करोड़ की साइबर ठगी: आठ सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी चिन्हित

Dec 26, 2025 - 11:02
 0  243
पूर्व आईजी से 8.10 करोड़ की साइबर ठगी: आठ सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी चिन्हित

पटियाला (आरएनआई)। पंजाब के पूर्व आईजी अमर सिंह चहल से हुई 8.10 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़े खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि इस ठगी को अंजाम देने वाला एक संगठित साइबर गिरोह था, जिसमें कुल आठ सदस्य शामिल हैं। पुलिस ने इनमें से दो प्रमुख आरोपियों की पहचान कर ली है, जो महाराष्ट्र के निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

जानकारी के मुताबिक पूर्व आईजी अमर सिंह चहल एक व्हाट्सएप ग्रुप ‘एफ 777 वेल्थ इक्विटी रिसर्च ग्रुप’ से जुड़े थे। इस ग्रुप के जरिए उन्हें और अन्य निवेशकों को शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा दिया गया। इसी लालच में आकर चहल ने बड़ी रकम निवेश कर दी और अंततः 8.10 करोड़ रुपये गंवा बैठे। पुलिस ने अब तक इस मामले से जुड़े करीब 20 बैंक खातों को फ्रीज किया है, जिनमें लगभग तीन करोड़ रुपये जमा मिले हैं। यह राशि चहल या अन्य निवेशकों की है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

इस बीच पुलिस ने बताया है कि अस्पताल में भर्ती पूर्व आईजी अमर सिंह चहल की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। ऐसे में संभावना है कि पुलिस जल्द उनका बयान दर्ज करेगी, जिससे जांच को और मजबूती मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि चहल का बयान इस पूरे नेटवर्क और ठगी के तरीके को समझने में अहम भूमिका निभा सकता है।

पुलिस यह भी मान रही है कि व्हाट्सएप ग्रुप में जिन नामों से जालसाज खुद को निवेश सलाहकार के रूप में पेश कर रहे थे, वे सभी फर्जी हो सकते हैं। इस खुलासे के बाद पटियाला पुलिस को कई अन्य लोगों के ई-मेल और पत्र भी मिले हैं, जिनमें खुद को इसी गिरोह का शिकार बताया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जब तक पीड़ित खुद सामने आकर औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराते, तब तक यह तय नहीं किया जा सकता कि इस गिरोह ने कितने लोगों को ठगा है।

बताया जा रहा है कि पूर्व आईजी ने ठगी में गंवाई गई रकम में से करीब 7.5 करोड़ रुपये अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से उधार लिए थे। भारी आर्थिक नुकसान और सामाजिक दबाव के चलते वह मानसिक रूप से टूट गए थे और इसी कारण उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया था।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क के रूप में देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.