जींद-रोहतक नेशनल हाईवे पर दो स्कूल बसों में टक्कर, छह बच्चे घायल; दो पीजीआई रैफर
रोहतक (आरएनआई)। रोहतक के जींद-रोहतक नेशनल हाईवे 71 पर लाखनमाजरा के पास सोमवार सुबह दो स्कूल बसों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में छह स्कूली बच्चे सहित कुल आठ लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो बच्चों को गंभीर स्थिति में पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में रैफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों को मामूली चोटें हैं।
घटना सुबह लगभग पौने आठ बजे हुई, जब भगवतीपुर स्थित जे़ड ग्लोबल स्कूल की बस हथवाला और आसपास के गांवों से बच्चों को लेकर लाखनमाजरा की ओर आ रही थी। जैसे ही बस नेशनल हाईवे के कट से नीचे उतरने लगी, उसी दौरान जींद के शाहपुर गांव स्थित विकास हाई स्कूल की एक बस, जो रोहतक से जींद की ओर जा रही थी, ग्लोबल स्कूल की बस के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ग्लोबल स्कूल की बस सड़क किनारे पलट गई, जबकि विकास स्कूल की बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घायल छात्रा वान्या, छात्र हिमांशु सहित अन्य बच्चों को पहले लाखनमाजरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से दो को पीजीआई रैफर कर दिया गया। बाकी घायलों का उपचार स्थानीय सीएचसी में किया गया।
पुलिस जांच में पता चला है कि विकास हाई स्कूल की बस में हादसे के समय स्कूल के छात्र नहीं थे। बस रेवाड़ी में हुए एक शादी समारोह से शाहपुर लौट रही थी और उसमें एक परिवार सवार था। दूसरी ओर, ग्लोबल स्कूल की बस बच्चों को लेकर नियमित रूप से स्कूल जा रही थी और उसे लाखनमाजरा से और बच्चों को लेना था, लेकिन इससे पहले ही दुर्घटना हो गई।
लाखनमाजरा पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी को गंभीर खतरा नहीं है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



