कलेक्टर द्वारा सांदीपनी शासकीय मॉडल विद्यालय का निरीक्षण

मॉडर्न कंप्यूटर प्रयोगशाला का शुभारंभ, पीएम आवास का भी किया निरीक्षण

Feb 6, 2026 - 17:37
Feb 6, 2026 - 17:38
 0  81
कलेक्टर द्वारा सांदीपनी शासकीय मॉडल विद्यालय का निरीक्षण

गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आज सांदीपनी शासकीय मॉडल विद्यालय की नव-निर्मित भवन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में स्थापित आधुनिक कंप्यूटर प्रयोगशाला का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस कंप्यूटर लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी कंप्यूटर ज्ञान के साथ-साथ वोकेशनल ट्रेनिंग के क्षेत्र में विशेष लाभ मिलेगा। 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कन्‍याल ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें अध्ययन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं कि विद्यालय की नई बिल्डिंग शीघ्र पूर्ण हो, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को “रीड, राइट और रिवाइज” का मूल मंत्र दिया।

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि जरूरी यह नहीं है कि हम कितना जानते हैं, बल्कि यह महत्वपूर्ण है कि हम जो जानते हैं उसे कितनी स्पष्टता से जानते हैं। एक ही विषय को अलग-अलग पुस्तकों से पढ़ने के बजाय एक ही पुस्तक को बार-बार पढ़ना अधिक उपयोगी है। प्रत्येक अध्ययन के साथ निरंतर रिवीजन और लिखने का अभ्यास परीक्षा में सफलता की कुंजी है। रिवीजन से विषय स्मरण में रहता है, वहीं लेखन अभ्यास से समय प्रबंधन बेहतर होता है और परीक्षा समय पर पूर्ण की जा सकती है।

इसके पश्चात कलेक्टर श्री कन्याल ने पीएम आवास योजना अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया तथा कुल संख्या सहित सामान्य जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गुना में विकास की अपार संभावनाएं हैं। आने वाले समय में गुना का एक विकसित स्वरूप देखने को मिलेगा।

इस दौरान एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे, सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री, डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0