दिल्ली में 15 दिनों में 800 से अधिक लोग लापता, दो-तिहाई महिलाएं और लड़कियां, आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
नई दिल्ली (आरएनआई) राजधानी दिल्ली में लापता लोगों को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 के शुरुआती 15 दिनों में ही 800 से अधिक लोग लापता हो गए। इनमें से करीब दो-तिहाई मामले महिलाओं और लड़कियों से जुड़े हैं, जिसने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
न्यूज एजेंसी के अनुसार, 1 से 15 जनवरी के बीच कुल 807 लोगों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई, यानी औसतन हर दिन 54 लोग लापता हुए। इनमें 509 महिलाएं और लड़कियां शामिल हैं, जबकि 298 पुरुष लापता बताए गए हैं। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, कुल मामलों में 191 नाबालिग और 616 वयस्क शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अब तक 235 लापता लोगों का पता लगाया जा चुका है, जबकि 572 लोग अभी भी लापता हैं। आंकड़े यह भी बताते हैं कि इस अवधि में हर दिन औसतन 13 बच्चे लापता हुए। कुल 191 नाबालिगों में से 146 लड़कियां हैं, जो स्थिति की गंभीरता को और उजागर करता है।
इन आंकड़ों ने राजधानी में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन बढ़ते मामलों ने प्रशासन और समाज दोनों के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



