सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ प्रसारित सामग्री को हटाया जाए : भाजपा नेता दुष्यंत गौतम

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड में पार्टी मामलों के प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ प्रसारित कथित सामग्री को हटाने का आग्रह किया है।

Dec 25, 2025 - 21:00
 0  216
सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ प्रसारित सामग्री को हटाया जाए : भाजपा नेता दुष्यंत गौतम

देहरादून (आरएनआई) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड में पार्टी मामलों के प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ प्रसारित कथित सामग्री को हटाने का आग्रह किया है।

गौतम ने इस संबंध में राज्य सरकार से सोशल मीडिया मंचों और समाचार चैनलों को आवश्यक निर्देश देने की अपील की है।

उत्तराखंड के गृह सचिव शैलेश बगौली को लिखे एक पत्र में गौतम ने बृहस्पतिवार को कहा, ”मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि इसमें शामिल सोशल मीडिया मंचों, समाचार चैनलों को ऐसी सामग्री हटाने के निर्देश दें तथा इस तरह की सामग्री को प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से प्रसारित करने से रोकें।”

गौतम ने सोशल मीडिया और समाचार चैनलों की एक सूची भी प्रस्तुत की है जिनमें ‘उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने और नुकसान पहुंचाने’ के उद्देश्य से ‘झूठे और दुर्भावनापूर्ण’ आरोप लगाए गए हैं।

भाजपा महासचिव ने पत्र में कहा, ”मैं एक सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता हूं जिसकी पूरे देश में आम जनता के बीच लंबे समय से अच्छी प्रतिष्ठा है। हाल में मेरी जानकारी में आया है कि एक आपराधिक साजिश के तहत कुछ निर्लज्ज आपराधिक तत्वों ने एक फर्जी और मनगढ़ंत ऑडियो रिकॉर्डिंग तैयार की है और उसे आगे बढ़ाने के लिए वे मीडिया और सोशल मीडिया पर इस तरह की घृणित, दुर्भावनापूर्ण और झूठी सामग्री प्रसारित कर रहे हैं।”

हरिद्वार जिले के ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी होने का दावा करने वाली महिला उर्मिला सनावर के हाल में वायरल वीडियो और उनकी राठौर से कथित बातचीत के आडियो से यह विवाद खड़ा हुआ है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता हत्याकांड के लिए कथित रूप से ‘गट्टू’ नाम का व्यक्ति जिम्मेदार है। अपने एक अन्य कथित वीडियो में सनावर ने ‘गट्टू’ की पहचान भी जाहिर कर दी जिससे गौतम नाराज बताए जा रहे हैं।

कांग्रेस जहां पूरे मामले की उच्चतम न्यायालय के वर्तमान या सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग कर रही है। वहीं, भाजपा सनावर को एक संदिग्ध सामाजिक गतिविधि वाली महिला बताते हुए इन आरोपों से पीछा छुड़ाने का प्रयास कर रही है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.