दरभंगा में मासूम की हत्या से उबाल, पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज; आरोपी गिरफ्तार
दरभंगा (आरएनआई) बिहार के दरभंगा जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखरा के पास 8 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग करने लगे। प्रदर्शन के दौरान हालात उस वक्त बिगड़ गए जब कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी की दुकान और उसके टेम्पो में आग लगा दी, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। बड़ी संख्या में महिलाएं भी सड़क पर उतर आईं और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करती नजर आईं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन हालात को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है, ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था बहाल रखी जा सके।
सूचना मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। वहीं एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।
बताया गया कि बच्ची शाम के समय तालाब किनारे अन्य बच्चों के साथ खेलने गई थी। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। देर रात इलाके में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां बच्ची का शव खून से लथपथ हालत में मिला। आसपास की दीवारों पर भी खून के निशान पाए गए।
पुलिस ने बच्चों की गवाही और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चों ने बताया कि आरोपी बच्ची को जबरदस्ती खींचकर अंधेरे की ओर ले गया था। पुलिस ने आरोपी के खून से सने कपड़े भी जब्त कर लिए हैं।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में गहरा आक्रोश है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

