हावड़ा में TMC नेता की गोली मारकर हत्या, अज्ञात हमलावरों ने उतारा मौत के घाट; सहयोगी गंभीर रूप से घायल
हावड़ा (आरएनआई) पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में गुरुवार देर रात तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के ग्राम पंचायत सदस्य देबोब्रत मंडल की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में उनके साथी अनुपम राणा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 11 बजे की है, जब मंडल मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।
निश्चिंदा-बुरो शिबतला इलाके में दो बाइक सवार बदमाश अचानक उनके पास आए और उन पर लगातार गोलियां बरसाईं। हमले में मंडल की कमर और कंधे पर गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। उनके साथी अनुपम ने विरोध किया तो हमलावरों ने उन्हें भी गोली मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
देबोब्रत मंडल को गंभीर हालत में एसएसकेएम अस्पताल, कोलकाता रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अनुपम राणा को हावड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही हावड़ा पुलिस आयुक्त प्रवीण त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमले में कम से कम पांच राउंड गोलियां चलाई गईं।
टीएमसी नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सुमन चौधरी नाम का एक व्यक्ति इस हमले में संदिग्ध माना जा रहा है, जिसके खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और फिरौती के मामले दर्ज हैं।
स्थानीय राजनीतिक माहौल इस घटना के बाद तनावपूर्ण हो गया है। कुछ कार्यकर्ताओं ने ‘बासू’ नामक शख्स की भूमिका पर भी शक जताया है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है। 2026 विधानसभा चुनाव से पहले इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक हालात को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



