सीमांकन के बावजूद जमीन पर कब्जा कायम, भूमाफिया पर पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
फतेहपुर (आरएनआई) ललौली थाना क्षेत्र के मुत्तौर गांव में गाटा संख्या 205, क्षेत्रफल 0.2040 हेक्टेयर भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पीड़िता संतोष देवी पत्नी स्व. झंझीलाल ने जिलाधिकारी को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है कि उक्त भूमि का सीमांकन न्यायालय के आदेशानुसार राजस्व टीम द्वारा पहले ही कराया जा चुका है और भूमि की स्पष्ट सीमाएं निर्धारित कर पत्थर भी गाड़ दिए गए थे।
सीमांकन के बाद भी विजय बहादुर उर्फ शिवबालक यादव पुत्र महावीर यादव द्वारा जबरन कब्जा बनाए रखा गया है। आरोप है कि विजय बहादुर ने सीमांकित भूमि पर ईंट, कचड़ा और पुरानी ईंटों की मुंडेर खड़ी कर दी है और लगातार निर्माण सामग्री डालकर कब्जे को पक्का करने की कोशिश कर रहा है। जब पीड़िता और परिजनों ने अतिक्रमण हटाने की बात कही, तो आरोपी ने गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता संतोष देवी सहित भगवत प्रसाद, महेश प्रसाद और कपिल देव त्रिवेदी आदि ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी से मौके की जांच कराने और अतिक्रमण हटवाने की मांग की है। पीड़िता ने कहा कि सीमांकन के बाद भी कार्रवाई न होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने जल्द से जल्द भूमाफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि न्याय मिल सके और भूमि विवाद का समाधान हो।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



