सीएम योगी ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को दिखाई झंडी, बोले— राष्ट्र की अखंडता के साथ कोई खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं
लखनऊ (आरएनआई) — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर लखनऊ में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि भारत की एकता और अखंडता के लिए जिन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया, उन लौह पुरुष सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन, त्याग और समर्पण आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आह्वान किया कि राष्ट्रीय एकता दिवस पर हम सभी जाति, भाषा, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर भारत की अखंडता को सुदृढ़ करने का संकल्प लें।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से देश में उन महान सपूतों को सम्मान देने की परंपरा शुरू हुई है जिन्होंने भारत को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। आज पूरे देश में 600 से अधिक स्थानों पर ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित हो रही है, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना को प्रबल बनाना है। उन्होंने कहा कि एकता केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे व्यवहार में लाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के केवड़िया में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के रूप में सरदार पटेल की स्मृति को जीवंत किया है, जो आज राष्ट्रीय प्रेरणास्थली बन चुकी है। सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद 563 रियासतों को भारत गणराज्य में शामिल कर अखंड भारत का निर्माण किया। उन्होंने ब्रिटिश साजिशों को नाकाम करते हुए हैदराबाद और जूनागढ़ जैसी रियासतों को भारत का हिस्सा बनाया और स्पष्ट कहा था कि भारत की अखंडता के साथ कोई खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर सरदार पटेल के उस अधूरे संकल्प को साकार किया है, जो अखंड भारत की परिकल्पना थी। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश से एक सांस्कृतिक दल और हस्तशिल्पियों का प्रतिनिधिमंडल केवड़िया जाएगा, जहां राज्यपाल महोदया के नेतृत्व में 12 नवंबर को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि यह न केवल सरदार पटेल को नमन करने का अवसर है, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘स्वदेशी अभियान’ को सशक्त बनाने का भी एक कदम है, जिससे प्रदेश के कारीगर आत्मनिर्भर बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज ‘रन फॉर यूनिटी’ के कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें लाखों युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आह्वान किया कि हमें जातिवाद, परिवारवाद और छुआछूत के आधार पर समाज को बांटने वाले हर प्रयास का विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें उन सभी शक्तियों का मुकाबला करना होगा जो राष्ट्र की एकता को कमजोर करने का प्रयास करती हैं।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा —
“महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लौह पुरुष, ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि एवं प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की हार्दिक बधाई। भारत की आंतरिक सुरक्षा और अखंडता हेतु सरदार साहब के अथक प्रयास हमें ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना की सिद्धि हेतु सदैव प्रेरित करते रहेंगे।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



