'सांसद पर हमला लोकतंत्र पर हमला': शफी परमबिल पर पुलिस एक्शन से भड़के शशि थरूर
तिरुवनंतपुरम (आरएनआई) कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केरल में पार्टी सांसद शफी परमबिल पर विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया है। थरूर ने कहा कि विपक्षी सांसदों को बिना डर के विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है और उन पर हमले को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
थरूर का बयान
सोशल मीडिया पोस्ट में थरूर ने लिखा, “सांसद शफी परमबिल पर विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पूरी तरह अस्वीकार्य है। लोकतंत्र में खासकर विपक्ष के सांसदों को निर्भय होकर विरोध जताने की अनुमति होनी चाहिए। जब सांसदों पर निशाना साधा जाता है, तो यह लोकतांत्रिक जवाबदेही को कमजोर करता है।”
उन्होंने आगे कहा, “सांसद के खिलाफ ऐसी निर्मम कार्रवाई न सिर्फ कानूनी सुरक्षा का उल्लंघन है बल्कि लोकतंत्र पर सीधा हमला है। इस मामले में कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।”
संसद में मामला उठेगा
थरूर ने बताया कि कांग्रेस इस मुद्दे को संसद की विशेषाधिकार समिति के समक्ष रखेगी। उन्होंने कहा, “भारत एक संसदीय लोकतंत्र है। सांसद कानून से ऊपर नहीं हैं, लेकिन उन्हें संवैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन के लिए कुछ विशेष सुरक्षा दी जाती है। इस मामले को विशेषाधिकार समिति में उठाया जाएगा।”
क्या है मामला?
पेरमबरा में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और सीपीएम के नेतृत्व वाले एलडीएफ कार्यकर्ताओं के बीच हाल में हुई हिंसक झड़पों के खिलाफ यूडीएफ नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसी दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़ में कांग्रेस सांसद शफी परमबिल घायल हो गए। उनकी नाक की हड्डी टूटने के कारण आपात सर्जरी करनी पड़ी।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया
केरल पुलिस ने हिंसक प्रदर्शनों के सिलसिले में यूडीएफ नेताओं सहित शफी परमबिल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एलडीएफ कार्यकर्ताओं पर भी सड़क जाम और यातायात बाधित करने का मामला दर्ज हुआ है।
थरूर ने साफ कहा कि सांसद पर हमला सिर्फ किसी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक अधिकारों पर वार है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



