श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति की गिरफ्तारी पर थरूर की चिंता, बोले– बदले की राजनीति बंद हो
रानिल विक्रमसिंघे को शुक्रवार को सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी लंदन की एक निजी यात्रा के लिए सरकारी धन का इस्तेमाल करने के आरोपों से जुड़ी है, जहां उन्होंने एक विश्वविद्यालय के स्नातक समारोह में भाग लिया था।
नई दिल्ली (आरएनआई) कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की गिरफ्तारी पर चिंता जताई और श्रीलंकाई सरकार से बदले की राजनीति छोड़ने का आह्वान किया। शशि थरूर ने ये भी कहा कि रानिल विक्रमसिंघे पर लगे आरोप मामूली हैं और उन्होंने वर्षों तक देश की सेवा की है, ऐसे में वे सम्मान के हकदार हैं।
सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में शशि थरूर ने लिखा कि 'श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को मामूली आरोपों में हिरासत में लिए जाने से मैं चिंतित हूं। उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें पहले ही जेल अस्पताल ले जाया जा चुका है। इस बात का पूरा सम्मान करते हुए कि यह उनका आंतरिक मामला है, मैं श्रीलंका सरकार से आग्रह करता हूं कि वह बदले की राजनीति छोड़ें और अपने पूर्व राष्ट्रपति के साथ उस सम्मान और गरिमा के साथ पेश आएं जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने कई वर्षों तक देश की सेवा की है।'
इससे पहले वरिष्ठ श्रीलंकाई पत्रकार एस वेंकट नारायण ने भी पूर्व श्रीलंकाई राष्ट्रपति की गिरफ्तारी को हास्यास्पद बताया। उन्होंने यह भी सुझाव दिया था कि जरूरत पड़ने पर भारत 76 वर्षीय रानिल विक्रमसिंघे को चिकित्सा सहायता प्रदान कर सकता है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए नारायण ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह बेहद हास्यास्पद है।' रानिल विक्रमसिंघ ने हिरासत में लिए जाने से पहले कहा था, 'नमस्ते, मैंने कभी अपने लिए कुछ नहीं किया। मैंने सिर्फ श्रीलंका के लिए काम किया है। और आप जानते हैं कि मुझे गिरफ्तार करना दिखाता है कि अनुरा (राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके) इस समय किस तरह के प्रशासन का नेतृत्व कर रहे हैं।'
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, रानिल विक्रमसिंघे को शुक्रवार को सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी लंदन की एक निजी यात्रा के लिए सरकारी धन का इस्तेमाल करने के आरोपों से जुड़ी है, जहां उन्होंने एक विश्वविद्यालय के स्नातक समारोह में भाग लिया था। छह बार प्रधानमंत्री रहे रानिल विक्रमसिंघे ने गोटाबाया राजपक्षे को हटाए जाने के बाद जुलाई 2022 में श्रीलंका के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में पदभार ग्रहण किया। वह सितंबर 2024 में नेशनल पीपुल्स पावर के नेता अनुरा कुमारा दिसानायके से राष्ट्रपति चुनाव हार गए थे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



