शादी में डीजे बंद होने पर फायरिंग, दूल्हे के जीजा की गोली से डीजे संचालक के पिता की मौत
हरदोई (आरएनआई) अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुरा गांव में गुरुवार देर रात शादी समारोह में डीजे बंद करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे के जीजा ने डीजे संचालक के पिता को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
समारोह में रात करीब 12 बजे तक डीजे कार्यक्रम चलता रहा। निर्धारित समय पूरा होने पर डीजे संचालक अमित ने साउंड सिस्टम बंद कर दिया। इस पर बारात पक्ष के आकाश गौतम और उसके भाई अखिलेश ने आपत्ति जताते हुए डीजे दोबारा शुरू करने की मांग की। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और आकाश ने पिस्तौल निकालकर अमित के पिता पुत्तीलाल पर फायर कर दिया।
गोली लगते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी आकाश और अखिलेश अपनी जगुआर कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। इस बीच दुल्हन पक्ष भय के चलते कार्यक्रम स्थल छोड़कर चला गया, जिससे शादी की रस्में अधूरी रह गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक रात में ही मौके पर पहुंचे। आकाश और अखिलेश के खिलाफ हत्या व शस्त्र अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि अखिलेश को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आकाश की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



