शहर की गलियों में हथियारबंद नकाबपोश बेखौफ घूमते रहे, और थाना प्रभारी चैन की नींद सोते रहे, शुजालपुर की सुरक्षा पर बड़ा सवाल!

शुजालपुर में हथियारबंद नकाबपोशों का आतंक, पुलिस प्रशासन बेखबर, थाना प्रभारी प्रवीण पाठक की निष्क्रियता हुई उजागर।

Jul 11, 2025 - 17:32
Jul 11, 2025 - 17:32
 0  513

शुजालपुर (आरएनआई) शहर की कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के कटघरे में है। गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात शुजालपुर सिटी के वार्ड क्रमांक 6 में नकाबपोश बदमाशों का एक संगठित गिरोह हथियारों से लैस होकर खुलेआम गलियों में घूमता नजर आया। रात लगभग 2 बजे की इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बदमाशों की संख्या काफी अधिक है और वे हथियारों के साथ निडर होकर गलियों में घूम रहे हैं। यह किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी का संकेत है। यह दृश्य जिसने भी देखा, वह भयभीत हो गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने इससे पहले इतनी संख्या में संगठित रूप से हथियारबंद बदमाशों को कभी नहीं देखा।

इस पूरी घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जब शहर में हथियारबंद गिरोह रात के सन्नाटे में खुलेआम घूम रहा था, तब गश्त पर रहने वाली पुलिस कहां थी? क्या पुलिस को इसकी कोई भनक नहीं लगी या फिर वह गहरी नींद में थी?

इस घटना ने शुजालपुर सिटी थाना प्रभारी प्रवीण पाठक की कार्यशैली और जिम्मेदारी पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। उनके नेतृत्व में न तो अपराधियों में कोई डर नजर आता है और न ही आम जनता को सुरक्षा का भरोसा। लगातार सामने आ रही आपराधिक गतिविधियों के बावजूद थाना स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई न होना पुलिस की लापरवाही और निष्क्रियता को दर्शाता है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कुछ जागरूक नागरिकों ने इसकी शिकायत एसडीओपी से की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस हरकत में नहीं आई तो शुजालपुर जैसे शांत शहर को अपराधियों के हवाले होते देर नहीं लगेगी।

अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस घटना को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या शुजालपुर सिटी थाना प्रभारी के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दफन हो जाएगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0