राहुल गांधी का आरोप: चुनाव आयोग और भाजपा मिलकर कर रहे वोट चोरी

बिहार चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार भाजपा और चुनाव आयोग पर हमलावर हो रहे हैं। जहां राहुल ने एसआईआर को संस्थागत वोट चोरी बताते हुए कहा कि इसका मकसद गरीबों के वोट छीनना है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से चुनाव नतीजे बदले जाते हैं। 

Aug 8, 2025 - 15:21
 0  81
राहुल गांधी का आरोप: चुनाव आयोग और भाजपा मिलकर कर रहे वोट चोरी

नई दिल्ली (आरएनआई) बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक गर्माहट तेज हो गई है। इसी सिलसिले में बयानबाजी तेज तब हो गई जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए एक बार फिर भाजपा और चुनाव आयोग (ईसी) पर बड़ा हमला बोला है। शुक्रवार को अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर राहुल ने आरोप लगाया कि देश में चुनाव चोरी हो रहे हैं और इसमें भाजपा को चुनाव आयोग का पूरा सहयोग मिल रहा है। राहुल गांधी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को संस्थागत चोरी करार देते हुए कहा कि इसका असली मकसद गरीबों के वोटिंग अधिकार को छीनना है।

राहुल ने कहा सच्चाई यह है कि भारत में चुनाव आयोग और भाजपा मिलकर चुनाव चुरा रहे हैं। हमने उनकी चोरी पकड़ ली है, इसीलिए अब एसआईआर लाया गया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का असली उद्देश्य गरीबों को वोट देने से रोकना है। राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि अगर भाजपा के पास 10-15 सीटें कम होतीं, तो नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनते और आज इंडिया गठबंधन की सरकार होती।

राहुल ने बताया कि जब उन्होंने और उनके सहयोगियों ने चुनाव आयोग से वोटर लिस्ट और पोलिंग बूथ की वीडियो रिकॉर्डिंग मांगी, तो उन्हें कुछ नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे यह शक और गहराया कि चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिलकर काम कर रही है। अपने वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा: वोट चोरी सिर्फ चुनावी घोटाला नहीं है, यह संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ बहुत बड़ा अपराध है। देश के अपराधियों को सुन लेना चाहिए  वक्त बदलेगा, सजा जरूर मिलेगी।

कांग्रेस नेता ने इससे पहले गुरुवार को एक वीडियो के माध्यम से चुनाव आयोग को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे। उन्होंने कर्नाटक की बंगलूरू सेंट्रल लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 1,00,250 वोट चोरी हुए। उन्होंने बताया कि यह चोरी 5 अलग-अलग तरीकों से की गई, जिसमें डुप्लीकेट वोटर के 11,965, फर्जी या गलत पते वाले वोटर के 40,009, एक ही पते पर दर्ज सैकड़ों वोटर के 10,452, गलत फोटो वाले वोटर के 4,132 इसके साथ ही फॉर्म-6 का गलत इस्तेमाल के 33,692 मामले है।

साथ ही उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि 'गुरकीरत सिंह डांग' नामक व्यक्ति वोटर लिस्ट में चार अलग-अलग बूथों पर दर्ज है। वहीं एक और व्यक्ति दो अलग-अलग राज्यों में वोटर लिस्ट में है। राहुल ने बताया कि हजारों वोटर ऐसे पते पर दर्ज हैं जो मौजूद ही नहीं हैं, जैसे घर का नंबर 0। वहीं घर नंबर 35 पर 80 वोटर पंजीकृत हैं। 

राहुल गांधी के आरोपों पर कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जवाब दिया। साथ ही राहुल गांधी से आग्रह किया है कि जिन वोटर्स की गलत एंट्री या डिलीशन का उन्होंने दावा किया है, उनके नाम और विवरण एक हस्ताक्षरित घोषणा पत्र के साथ आयोग को भेजें, ताकि जरूरी कार्रवाई की जा सके।

राहुल ने चुनाव आयोग को खुली चेतावनी देते हुए कहा मैं चुनाव आयोग और उसके अधिकारियों से साफ कहता हूं जो आप कर रहे हैं वो देशद्रोह है। वक्त आएगा, हम आपको पकड़ेंगे और छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सिर्फ वोटर जोड़ने वाले मामलों की जांच की है, जबकि वोटर हटाने के मामले इससे भी ज्यादा हो सकते हैं। चुनावों के नतीजे जनता के मूड से उलट क्यों आते हैं?साथ ही राहुल ने बताया कि कई बार उन्होंने महसूस किया कि जनता में गुस्सा था, फिर भी कांग्रेस चुनाव हार गई। उदाहरण देते हुए उन्होंने उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की घटनाओं को याद किया और कहा कि कई जगह "चमत्कारी वोटर" सामने आए, जो अचानक लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच वोटर लिस्ट में जुड़ गए और उनका वोट सीधा भाजपा को गया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.